उद्यान मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने गणतंत्र दिवस पर पुलिस लाइन में ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी

रायबरेली। 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर पुलिस लाइन रायबरेली में आयोजित कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) उद्यान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार एवं कृषि निर्यात विभाग दिनेश प्रताप सिंह ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया।

इस दौरान उन्होंने गणतंत्र दिवस परेड की सलामी ली। परेड को पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह द्वारा शपथ दिलाई गई। मंत्री एवं पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रूप से परेड का निरीक्षण भी किया।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों, पुलिसकर्मियों एवं प्रतिभागियों को संविधान की प्रस्तावना की शपथ दिलाई गई। जनपद में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों तथा सामाजिक सेवा में उल्लेखनीय योगदान देने वाले सम्मानित नागरिकों को मेडल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके पश्चात पुलिस अधीक्षक द्वारा अतिथिगणों का सम्मान किया गया।

अपने संबोधन में उद्यान मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि 26 जनवरी का दिन राष्ट्रीय गौरव, सम्मान और लोकतांत्रिक मूल्यों का प्रतीक है। यह दिवस न्याय, समता, स्वतंत्रता और बंधुत्व की भावना को मजबूत करने के साथ-साथ राष्ट्रीय एकता और अखंडता को सुदृढ़ करता है। उन्होंने कहा कि भारत विश्व का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश है और यह गणतंत्र अनेक ज्ञात-अज्ञात स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान के बाद प्राप्त हुआ है, जिसे बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

मंत्री ने कहा कि भारत एक युवा राष्ट्र है और देश के विकास के केंद्र में युवा शक्ति है। सकारात्मक ऊर्जा और राष्ट्रहित में किए गए प्रयास ही आजादी के वास्तविक अर्थ को दर्शाते हैं। उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों और महापुरुषों के योगदान को स्मरण करते हुए कहा कि उनके त्याग, प्रेरणा और रचनात्मक विचारों के कारण देश निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है। कार्यक्रम में विद्यालयों के बच्चों द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति गीतों एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी सराहना की गई।

इस अवसर पर जनपद न्यायाधीश अमित पाल सिंह, जिलाधिकारी हर्षिता माथुर, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) सिद्धार्थ, अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) अमृता सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार सिन्हा, नगर मजिस्ट्रेट राम अवतार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी नवीन चंद्रा सहित बड़ी संख्या में प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस अधिकारी, समाजसेवी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Share this article

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts