गोंडा के परसपुर में प्रतिबंधित पेड़ों की अवैध कटान, वन विभाग व पुलिस पर मिलीभगत के आरोप

गोंडा। जिले के थाना परसपुर क्षेत्र में प्रतिबंधित पेड़ों की अवैध कटान का मामला सामने आया है। शाहपुर चौकी अंतर्गत ग्राम पंचायत पूरे अजब कला पुरवा में हरे-भरे और प्रतिबंधित पेड़ों को खुलेआम वन माफिया द्वारा आरा चलाया जा रहा है। स्थानीय स्तर पर वन विभाग और पुलिस की कथित मिलीभगत की भी चर्चा है।

सूत्रों के अनुसार क्षेत्र में वन माफिया सक्रिय हैं और वर्षों से जमे वन दरोगा अशोक कुमार पाण्डेय की मिलीभगत से यह अवैध कारोबार फल-फूल रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि शिकायतों के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही है।

स्थानीय सूत्रों के मुताबिक शाहपुर-भौंरीगंज मार्ग, हाईवे मार्ग सहित कई प्रमुख रास्तों से भारी मात्रा में अवैध लकड़ी का परिवहन किया जा रहा है। बताया जाता है कि यह लकड़ी शाहपुर भगन चौराहा के आसपास संचालित लकड़ी टालों पर उतारी जाती है, जहां बिना किसी रोक-टोक के कारोबार जारी है।

ग्रामीणों का आरोप है कि प्रतिबंधित गूलर सहित अन्य हरे-भरे पेड़ों की कटान खुलेआम की जा रही है। शाहपुर भगन चौराहा के पास एक लकड़ी टाल पर हरी लकड़ी उतारे जाने की जानकारी भी सामने आई है, जिससे पूरे मामले की गंभीरता और बढ़ गई है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस पूरे अवैध नेटवर्क को वन विभाग और पुलिस की कथित मिलीभगत का संरक्षण प्राप्त है, जिसके चलते वन माफिया बेखौफ होकर इस अवैध कारोबार को अंजाम दे रहे हैं।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो पर्यावरण को गंभीर नुकसान पहुंचता रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *