रायबरेली में वन ट्रिलियन डॉलर लक्ष्य पर फोकस: डीएम की अध्यक्षता में ओटीडी सेल की अहम बैठक

रायबरेली। जिलाधिकारी हर्षिता माथुर की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद में गठित ओटीडी (वन ट्रिलियन डॉलर) सेल की जिला स्तरीय बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में उत्तर प्रदेश सरकार के वन ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी के लक्ष्य के तहत जनपद स्तर पर किए जा रहे प्रयासों की समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी ने ओटीडी सेल के गठन के उद्देश्य और योजना की प्रगति की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार ने उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था को वन ट्रिलियन डॉलर तक पहुँचाने का लक्ष्य निर्धारित किया है, जिसमें जिले स्तर पर किए गए प्रयास प्रदेश की समग्र आर्थिक स्थिति को प्रतिबिंबित करेंगे। इसके लिए यह आवश्यक है कि जिले से संबंधित आर्थिक आंकड़े सटीक, अद्यतन और उच्च गुणवत्ता वाले हों।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जिले की अर्थव्यवस्था में प्राथमिक, द्वितीयक और तृतीयक क्षेत्रों के वास्तविक योगदान को दर्शाने के लिए सभी संबंधित विभाग अपने-अपने विभागीय पोर्टलों पर गुणवत्तापूर्ण आंकड़े नियमित रूप से फीड करें। आंकड़ों की गुणवत्ता की स्वयं समीक्षा करने और किसी भी प्रकार की त्रुटि से बचने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में प्राथमिक क्षेत्र के अंतर्गत कृषि विभाग से संबंधित दलहन एवं मिलेट्स की कम उत्पादकता पर चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने इन फसलों की उत्पादकता बढ़ाने के लिए आवश्यक तकनीकी और योजनागत प्रयास करने के निर्देश दिए, ताकि कृषि क्षेत्र का योगदान और सुदृढ़ हो सके।

इसके साथ ही जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद की कुछ महत्वपूर्ण योजनाओं को चिन्हित कर उनकी प्रगति तेज की जाए, जिससे वन ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी के लक्ष्य की प्राप्ति में रायबरेली का प्रभावी योगदान सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने ओटीडी सेल से जुड़े सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ सकारात्मक और परिणामोन्मुखी कार्य करने के निर्देश दिए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अंजू लता, उप कृषि निदेशक विनोद कुमार, उपायुक्त उद्योग परमहंस मौर्य, जिला विद्यालय निरीक्षक संजीव कुमार सिंह, डीएसटीओ सुधीर गिरी सहित ओटीडी सेल से संबंधित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Share this article

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts