बहराइच में डीएम अक्षय त्रिपाठी की सख्ती, भूमि अधिग्रहण कार्यों में देरी पर दिए कड़े निर्देश

रवि सोनी

बहराइच। जिले में विभिन्न विकास योजनाओं के तहत चल रहे भूमि अधिग्रहण कार्यों की समीक्षा के लिए कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित की गई।

बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी परियोजनाओं से जुड़े भूमि अर्जन कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा किया जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।

बैठक में बहराइच–खलीलाबाद नई रेल लाइन परियोजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि परियोजना से प्रभावित वृक्षों के कटान और नीलामी की प्रक्रिया में विलंब न हो। इसके लिए रेलवे विभाग को वन निगम से समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया।

डीएम ने उपजिलाधिकारी सदर को निर्देश दिया कि योजना से प्रभावित ग्राम समाज की भूमि के पुनर्ग्रहण की कार्रवाई जल्द पूरी कराई जाए। इसके अलावा भारत–नेपाल सीमा पर प्रस्तावित बहुउद्देशीय हब के लिए अधिग्रहित भूमि से प्रभावित परिसंपत्तियों का मूल्यांकन शीघ्र उपलब्ध कराने के निर्देश भूमि अध्याप्ति अधिकारी को दिए गए, ताकि अधिनिर्णय की प्रक्रिया में देरी न हो।

जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी कैसरगंज और महसी से कहा कि अधिग्रहण से प्रभावित भूमि की स्थलीय स्थिति और किसानों के बीच अंश निर्धारण की रिपोर्ट एक सप्ताह के भीतर विशेष भूमि अध्याप्ति अधिकारी को उपलब्ध कराई जाए।

इसके साथ ही गोरखपुर–शामली एक्सप्रेसवे परियोजना के अंतर्गत प्रभावित ग्राम टेडवाबसन्तपुर के संबंध में डीएम ने निर्देश दिया कि प्रस्तावित भू-खंडों और क्षेत्रफल का मिलान खतौनी अभिलेखों (41 और 45) से कराया जाए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अधिग्रहण के लिए प्रस्तावित भूमि का क्षेत्रफल भू-खंड के कुल क्षेत्रफल से अधिक नहीं होना चाहिए।

बैठक में सिंचाई विभाग को गैप्स निर्माण से संबंधित भूमि अधिग्रहण प्रस्तावों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। वहीं पूर्वोत्तर रेलवे बहराइच के सहायक मंडल अभियंता को उच्च न्यायालय के आदेशों के अनुपालन में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।

जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि भूमि अधिग्रहण से संबंधित कार्यों की नियमित समीक्षा करते रहें और किसी भी स्तर पर शिथिलता न बरती जाए, ताकि विकास परियोजनाएं समय पर पूरी हो सकें।

बैठक में प्रभागीय वनाधिकारी बहराइच, नगर मजिस्ट्रेट, उपजिलाधिकारी सदर, महसी और कैसरगंज, भूमि अर्जन अधिकारी एनएचएआई लखनऊ, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग, सहायक मंडल अभियंता पूर्वोत्तर रेलवे, सरयू नहर खंड के अभियंता तथा अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *