महराजगंज में पैतृक जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद, दो भाइयों पर घर में घुसकर हमला

  • बृजमनगंज क्षेत्र में जमीन बंटवारे के दौरान मारपीट का आरोप, पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर शुरू की जांच

सौरभ जायसवाल

बृजमनगंज, महराजगंज। थाना क्षेत्र के ग्राम सभा मिश्रौलिया टोला ओरईपुर में पैतृक जमीन के बंटवारे को लेकर पारिवारिक विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। घटना में दो भाइयों के घायल होने की सूचना है। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार पैतृक जमीन के बंटवारे को लेकर तीन भाइयों के बीच विवाद चल रहा था। आरोप है कि सबसे छोटे भाई मोनू ने अपने ससुराल पक्ष के कुछ लोगों को मौके पर बुला लिया। पीड़ित पक्ष का कहना है कि बंटवारे की प्रक्रिया के दौरान बाहरी लोगों ने हस्तक्षेप करना शुरू कर दिया।

विरोध करने पर कथित रूप से भोला, गोलू और अन्य लोगों ने बड़े भाइयों दिलीप और संजय के साथ मारपीट की। आरोप है कि हमलावरों ने घर में घुसकर हॉकी और डंडों से हमला किया, जिससे दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाई और घायलों का चिकित्सीय परीक्षण कराया। पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

थानाध्यक्ष मदन मोहन मिश्रा ने बताया कि मामले में शिकायत प्राप्त हुई है। मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *