रायबरेली में डीएम-एसपी ने सुनी जनता की फरियादें, सम्पूर्ण समाधान दिवस में 47 शिकायतें दर्ज, 8 का तत्काल निस्तारण

रायबरेली। जिले में जनता की शिकायतों के त्वरित निस्तारण की दिशा में सरकार द्वारा चलाए जा रहे सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन आज तहसील लालगंज में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी हर्षिता माथुर ने की। वहीं मौके पर पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह और विधायक सरेनी देवेंद्र प्रताप सिंह भी मौजूद रहे।

जिलाधिकारी हर्षिता माथुर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनता की शिकायतों का त्वरित, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए। उन्होंने कहा कि “समस्याओं का समाधान स्थानीय स्तर पर ही किया जाना शासन की प्राथमिकता है। अधिकारी शिकायतों को गंभीरता से लें और एक सप्ताह के भीतर निस्तारण सुनिश्चित करें।”

डीएम ने यह भी कहा कि यदि किसी शिकायत के निस्तारण में कठिनाई आ रही है तो संबंधित अधिकारी स्पष्ट कारण सहित रिपोर्ट प्रस्तुत करें, ताकि समाधान में पारदर्शिता बनी रहे।

कुल 47 शिकायतें, 8 का हुआ तत्काल समाधान

सम्पूर्ण समाधान दिवस में राजस्व विभाग से 15, पुलिस से 9, विकास विभाग से 7, समाज कल्याण से 3 और अन्य विभागों से 13 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें से 8 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष मामलों को संबंधित विभागों को एक सप्ताह में निपटाने के निर्देश के साथ सौंपा गया।

पुलिस अधीक्षक ने भी सुनी जनसमस्याएं

एसपी डॉ. यशवीर सिंह ने पुलिस से संबंधित मामलों को गंभीरता से सुना और अधीनस्थ अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि “जनता को न्याय दिलाना पुलिस की सर्वोच्च जिम्मेदारी है, हर शिकायतकर्ता को निष्पक्ष सुनवाई और न्याय सुनिश्चित किया जाएगा।”

इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. नवीन चंद्रा, उप जिलाधिकारी मिथिलेश कुमार त्रिपाठी, सीओ अमित सिंह समेत तमाम जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Share this article

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts