छत्तीसगढ़: कड़ाके की ठंड में भावे जैन बने 90 स्कूली बच्चों के मसीहा, बांटे स्वेटर व खाद्य सामग्री

आर. स्टीफन

खड़गवां, एमसीबी (छत्तीसगढ़)। कड़ाके की ठंड में जरूरतमंदों के लिए मसीहा बनकर सामने आए चिरमिरी क्षेत्र के युवा समाजसेवी एवं व्यापारी विजय जैन उर्फ भावे जैन ने एक बार फिर मानवता की मिसाल पेश की है। एमसीबी जिले के खड़गवां विकासखंड अंतर्गत शासकीय प्राथमिक शाला जिल्ली बांध में अध्ययनरत लगभग 90 स्कूली बच्चों को नववर्ष के अवसर पर गर्म कपड़े (स्वेटर) एवं खाद्य सामग्री वितरित की गई।

ग्रामीण अंचल में स्थित इस विद्यालय के अधिकांश बच्चे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों से आते हैं, जिनके पास न पर्याप्त कपड़े हैं और न ही ठंड से बचाव के साधन। ऐसे में चिरमिरी से लगभग 15–20 किलोमीटर दूर बसे इस गांव में पहुंचकर भावे जैन द्वारा बच्चों को स्वेटर और खाने की सामग्री देना अभिभावकों व शिक्षकों के लिए भी राहत भरा रहा।

मीडिया से बातचीत में भावे जैन ने बताया कि वे वर्ष 2013 से लगातार जनहित से जुड़े सेवा कार्य करते आ रहे हैं और आगे भी यह सिलसिला जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक मदद पहुंचाना ही उनके जीवन का उद्देश्य है।

इस अवसर पर विद्यालय के प्रधान पाठक एवं समस्त स्कूल स्टाफ ने आयोजन की सराहना करते हुए इसे बच्चों के लिए प्रेरणादायी बताया। कार्यक्रम के दौरान स्कूली बच्चों ने पुष्पगुच्छ, स्वागत गीत एवं पारंपरिक तरीके से अतिथियों का सम्मान किया। ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों द्वारा किए गए सुसंस्कृत स्वागत और शिष्टाचार ने उपस्थित लोगों को भी प्रभावित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *