- अहमदपुर स्थित मियावाकी वृक्षारोपण स्थल का जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने किया निरीक्षण, नियमित सिंचाई और सुरक्षा के दिए निर्देश
रायबरेली। जिले में हरितीकरण और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विकसित किए जा रहे मियावाकी वृक्षारोपण स्थलों की निगरानी लगातार की जा रही है। इसी क्रम में जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने अहमदपुर स्थित मियावाकी वृक्षारोपण स्थल का निरीक्षण कर वहां चल रहे कार्यों और पौधों की स्थिति का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पार्क में लगाए गए पौधों के विकास, उनकी सुरक्षा व्यवस्था तथा रखरखाव संबंधी व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से पौधों के संरक्षण और देखरेख की जानकारी प्राप्त की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी पौधों की नियमित सिंचाई सुनिश्चित की जाए तथा उनकी सुरक्षा और गुणवत्तापूर्ण रखरखाव पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि पौधों का बेहतर विकास हो सके और हरित क्षेत्र का विस्तार प्रभावी रूप से किया जा सके।
उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की सफलता पौधों के समुचित संरक्षण और देखभाल पर निर्भर करती है। इसलिए सभी संबंधित विभाग इस कार्य को प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित करें।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) सिद्धार्थ, नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी स्वर्ण सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।













