पत्रकार की पहल से बदली जिंदगी: गरीब बेटी की शादी के लिए जुटे 35 हजार रुपये

रायबरेली/महराजगंज। एक गरीब परिवार की बेटी की शादी में मदद के लिए पत्रकार की पहल ने समाज को एकजुट कर दिया। पत्रकार संतोष सिंह चौहान की खबर के बाद समाजसेवियों और ‘वानर सेना’ के सहयोग से करीब 35 हजार रुपये का कन्यादान जुटाया गया, जिससे परिवार को बड़ी राहत मिली है।

यह मामला अमावां विकासखंड के ओया गांव का है, जहां रामरती नामक बुजुर्ग महिला अपनी 19 वर्षीय बेटी बबली के साथ अत्यंत गरीबी में जीवन यापन कर रही हैं। परिवार पर दुखों का पहाड़ तब टूटा जब रामरती के पति और दोनों बेटों का निधन हो गया। ऐसे में बेटी की शादी कराना उनके लिए बड़ी चुनौती बन गया था।

बबली की शादी आगामी 7 मई को तय है। गांव के ही अवधेश सिंह ने इस मामले की जानकारी पत्रकार संतोष सिंह चौहान को दी। इसके बाद उन्होंने 18 अप्रैल को सोशल मीडिया के माध्यम से एक वीडियो जारी कर मदद की अपील की।

पत्रकार की इस पहल का असर जल्द ही देखने को मिला। ‘वानर सेना’ ने संज्ञान लेते हुए 24 अप्रैल को अपने पदाधिकारियों धीरज सिंह चौहान, अभय सिंह, केपी सिंह और हर्षित सिंह को ओया गांव भेजा, जहां उन्होंने परिवार को 20,000 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की और आगे भी सहयोग का भरोसा दिलाया।

इसके अलावा ग्राम प्रधान प्रतिनिधि अशोक यादव के माध्यम से करीब 10 से 12 हजार रुपये की अतिरिक्त सहायता जुटाई गई। वहीं, पूर्व ग्राम प्रधान पुत्तन सिंह पाली ने कन्यादान स्वरूप एक टिन तेल भेंट किया।

रामरती और उनकी बेटी बबली ने बताया कि पत्रकार की पहल से उन्हें कुल लगभग 35,000 रुपये की मदद मिल चुकी है, जिससे अब बेटी की शादी संभव हो पा रही है। उन्होंने सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *