रायबरेली में जमीन विवाद बना खूनी: भाई ने कुल्हाड़ी से किया हमला
रायबरेली। जनपद के गदागंज थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सभा जलालपुर धई में जमीन विवाद को लेकर सगे भाइयों के बीच हिंसक झड़प का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक भाई ने अपने ही सगे भाई पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया, जिसमें पीड़ित के हाथ में गंभीर चोट आई है।
पीड़ित देवेंद्र सिंह उर्फ नकुल सिंह ने बताया कि वह अपने परिवार के साथ लखनऊ में रहते हैं। हाल ही में जब वह अपने पैतृक घर जलालपुर धई आए, तभी उनके भाई ने उन्हें वहां से चले जाने को कहा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया।
पीड़ित के अनुसार विवाद के दौरान उनके भाई ने उन पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया, जिससे उनके हाथ में गंभीर चोट आई। इसी दौरान उनके भतीजे ने पीछे से लाठी से वार किया, जिससे वह जमीन पर गिर पड़े।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जब उनकी पत्नी उन्हें बचाने का प्रयास कर रही थीं, तब आरोपियों ने उनके साथ भी अभद्रता करते हुए बाल पकड़कर मारपीट की।
घटना के बाद पीड़ित ने अपनी पत्नी के साथ थाने पहुंचकर लिखित तहरीर दी और कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की जांचकर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
