सरोजनीनगर: पार्षद निधि से इंटरलॉकिंग सड़क और नाली निर्माण का शिलान्यास

शकील अहमद

सरोजनीनगर, लखनऊ। सरोजनीनगर द्वितीय वार्ड संख्या–18 के अंतर्गत मानस नगर कॉलोनी में पार्षद निधि से इंटरलॉकिंग सड़क एवं नाली निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया। यह शिलान्यास पार्षद रामनरेश रावत द्वारा रविवार को किया गया। निर्माण कार्य मानस नगर कॉलोनी में वकील अहमद के आवास से पूर्व मंडल उपाध्यक्ष सुमन सिंह के घर होते हुए माला खरे के आवास तक प्रस्तावित है।

जानकारी के अनुसार लगभग 40 मीटर लंबी और 4 मीटर चौड़ी इंटरलॉकिंग सड़क के साथ नाली का निर्माण किया जाएगा। इस परियोजना की कुल लागत लगभग 4.5 लाख रुपये बताई गई है, जो पार्षद निधि से वहन की जाएगी। कार्यक्रम के दौरान पारंपरिक पूजा-अर्चना के साथ नारियल फोड़कर निर्माण कार्य का शुभारंभ कराया गया।

स्थानीय प्रतिनिधियों ने बताया कि मानस नगर कॉलोनी की यह सड़क लंबे समय से कच्ची थी, जिससे बारिश के दौरान जलभराव की समस्या बनी रहती थी। घरों का पानी सड़क पर जमा होने के कारण बच्चों, बुजुर्गों और राहगीरों को आवागमन में कठिनाई होती थी। सड़क और नाली के निर्माण से जलनिकासी व्यवस्था बेहतर होने और लोगों को सुविधा मिलने की उम्मीद जताई गई है।

कार्यक्रम के दौरान पार्षद प्रतिनिधि संतोष त्रिपाठी ने कहा कि इस विकास कार्य से कॉलोनी के निवासियों की लंबे समय से चली आ रही समस्या का समाधान होगा। उन्होंने बताया कि सड़क और नाली बनने से क्षेत्र में साफ-सफाई और यातायात व्यवस्था में सुधार आएगा।

शिलान्यास कार्यक्रम में स्थानीय निवासियों और भाजपा मंडल से जुड़े कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही। इस अवसर पर कॉलोनीवासियों ने पार्षद का स्वागत किया। कार्यक्रम में पूर्व मंडल उपाध्यक्ष सुमन सिंह, माला खरे, शिखा सक्सेना, रितेश दुबे, फूलचंद गौतम, कमलेश यादव, जयराम यादव, विजय यादव, हरिलाल गोस्वामी, कमलेश शर्मा, कृष्ण यादव सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि निर्माण कार्य समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा किया जाता है, तो इससे क्षेत्र के बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलेगी और दैनिक आवागमन आसान होगा।

Share this article

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts