- नितिन गडकरी, राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में परियोजना का शुभारंभ, बेहतर कनेक्टिविटी से उद्योग, व्यापार और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा
शकील अहमद
लखनऊ। उत्तर प्रदेश को आधुनिक सड़क संपर्क के क्षेत्र में एक और बड़ी सौगात मिली है। राजधानी लखनऊ में सोमवार को केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी तथा केंद्रीय रक्षा मंत्री एवं लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह ने लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे परियोजना का लोकार्पण किया।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहे। परियोजना के पूरा होने के बाद लखनऊ और कानपुर के बीच यात्रा पहले की तुलना में कहीं अधिक तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक हो जाएगी।
राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के अनुसार वर्तमान में राष्ट्रीय राजमार्ग-27 (NH-27) के जरिए लखनऊ से कानपुर पहुंचने में ट्रैफिक के कारण लगभग ढाई से तीन घंटे का समय लगता है। एक्सप्रेसवे के निर्माण के बाद यही सफर मात्र 35 से 45 मिनट में पूरा किया जा सकेगा।
यह एक्सप्रेसवे लखनऊ के अमौसी से शुरू होकर उन्नाव के शुक्लागंज होते हुए कानपुर के आजाद चौक तक जाएगा। इसके साथ ही इसे कानपुर रिंग रोड से भी जोड़ा जाएगा, जिससे शहर के भीतर ट्रैफिक का दबाव कम होगा और यात्रियों को जाम से राहत मिलेगी।
परियोजना के तहत एक्सप्रेसवे पर वाहनों की अधिकतम गति 120 किलोमीटर प्रति घंटा निर्धारित की गई है। आधुनिक तकनीक से लैस इस मार्ग पर सुरक्षित और सुगम यातायात के लिए उन्नत सड़क अवसंरचना विकसित की जाएगी, जिससे यात्रा समय के साथ-साथ ईंधन की भी बचत होगी।
कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ₹4,850 करोड़ से अधिक लागत की तीन राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम में भी सहभागिता की। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के अनुरूप उत्तर प्रदेश में विश्वस्तरीय सड़क नेटवर्क और आधारभूत संरचना का तेजी से विकास किया जा रहा है।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि बेहतर सड़क संपर्क से न केवल आम लोगों की यात्रा आसान होगी, बल्कि प्रदेश में औद्योगिक विकास, व्यापार, निवेश और रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। वहीं केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि देश में विश्वस्तरीय सड़क नेटवर्क तैयार करने के लिए केंद्र सरकार लगातार बड़े स्तर पर कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश में एक्सप्रेसवे, फोरलेन सड़कों और अन्य आधारभूत परियोजनाओं के माध्यम से विकास को नई गति मिल रही है। सरकार का उद्देश्य उत्तर प्रदेश को देश के सबसे बेहतर कनेक्टिविटी वाले राज्यों में शामिल करना है।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना, पूर्व उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा, उन्नाव से सांसद साक्षी महाराज, लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल, सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह, राज्यसभा सांसद, विधायकगण तथा बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और नागरिक उपस्थित रहे।
विशेषज्ञों का मानना है कि लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे के निर्माण से दोनों शहरों के बीच आवागमन आसान होगा, परिवहन लागत में कमी आएगी, उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा और पूरे क्षेत्र के आर्थिक विकास को नई गति प्राप्त होगी। यह परियोजना उत्तर प्रदेश के आधुनिक सड़क नेटवर्क को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।













