लखनऊ: थाना बिजनौर पुलिस ने 6 घंटे में किया चोरी का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार

शकील अहमद

लखनऊ। राजधानी लखनऊ में थाना बिजनौर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मात्र छह घंटे के भीतर चोरी की घटना का सफल खुलासा करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया मोबाइल फोन और नगद रुपये भी बरामद किए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 12 जनवरी 2026 को बटली पत्नी लाला निवासी पोखरा जिला सिंगरौली (मध्य प्रदेश), हाल पता आदर्श मिश्रा के निर्माणाधीन मकान रॉयल सिटी, थाना बिजनौर, लखनऊ द्वारा थाने में तहरीर दी गई थी। शिकायत में बताया गया था कि अज्ञात चोर द्वारा मकान में घुसकर VIVO मोबाइल फोन एवं 5,000 रुपये नकद चोरी कर लिए गए हैं।

तहरीर के आधार पर थाना बिजनौर में मुकदमा अपराध संख्या 04/2026, धारा 305(ए) बीएनएस के अंतर्गत अज्ञात चोर के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया। घटना के शीघ्र अनावरण हेतु थाना प्रभारी द्वारा विशेष पुलिस टीम गठित की गई।

पुलिस को मुखबिर खास से प्राप्त सूचना के आधार पर दिनांक 12 जनवरी 2026 को रात्रि लगभग 9:45 बजे, अभियुक्त गोविंद पुत्र पप्पू, निवासी ग्राम बजेहरा, थाना सोहरामऊ, जनपद उन्नाव (उम्र लगभग 22 वर्ष) को हिरासत में लिया गया। अभियुक्त के कब्जे से चोरी गया मोबाइल फोन एवं 570 रुपये नकद बरामद किए गए।

बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोत्तरी की गई है। आवश्यक विधिक कार्रवाई पूर्ण कर अभियुक्त को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *