11 मई को हुई थी दुर्घटना, गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान युवक ने तोड़ा दम, पत्नी की तहरीर पर कार्रवाई
सौरभ जायसवाल
बृजमनगंज, महराजगंज। बृजमनगंज थाना क्षेत्र में सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हुए एक युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने नामजद बाइक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार 11 मई को दोपहर करीब एक बजे शानुल्लाह उर्फ समीउल्लाह पैदल बलदेवपुर गांव से बंगला चौराहा की ओर जा रहे थे। आरोप है कि बंगला चौराहा पहुंचने से पहले सामने से आ रही एक तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद परिजनों द्वारा घायल युवक को उपचार के लिए गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। मृतक की पत्नी साजिदा खातून ने 4 जून को थाने में तहरीर देकर दुर्घटना के लिए संबंधित बाइक चालक को जिम्मेदार ठहराया। पुलिस ने शिकायत और प्रारंभिक जांच के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है।
थानाध्यक्ष मदन मोहन मिश्रा ने बताया कि मृतक की पत्नी की तहरीर के आधार पर दुबौलिया निवासी रामजीत के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की विवेचना की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि दुर्घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।











