महाराजगंज: पत्नी पर जानलेवा हमला कर 8 माह से फरार आरोपी गिरफ्तार

सौरभ जायसवाल

बृजमनगंज (महाराजगंज)। आठ माह पूर्व पत्नी पर कथित रूप से जानलेवा हमला कर फरार चल रहे आरोपी को बृजमनगंज पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के विरुद्ध जून 2025 में मामला दर्ज किया गया था।

पुलिस के अनुसार 10 जून 2025 को आरोपी दिनेश प्रजापति निवासी तालही थाना पुरंदरपुर जनपद महाराजगंज, अपनी पत्नी अनीता को दर्शन कराने के बहाने लेहड़ा माता मंदिर क्षेत्र में ले गया।

आरोप है कि उसने जंगल के पास सुनसान स्थान पर पत्नी पर चाकू से हमला कर दिया और मौके से फरार हो गया। घटना के बाद महिला को उपचार हेतु भेजा गया और स्थानीय थाने में आरोपी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया।

थानाध्यक्ष सत्यप्रकाश सिंह ने बताया कि घटना के बाद से ही आरोपी फरार चल रहा था। पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीना के निर्देश पर गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी स्थान बदल-बदलकर रह रहा था और मोबाइल नंबर भी लगातार बदल रहा था।

तकनीकी साक्ष्यों और गोपनीय सूचना के आधार पर गठित टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। विधिक प्रक्रिया पूर्ण करते हुए उसे माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की कार्रवाई न्यायालय के निर्देशानुसार की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *