- निर्माण कार्य में देरी और भुगतान को लेकर बढ़ा विवाद, दो घायलों को जिला अस्पताल रेफर
सौरभ जायसवाल
बृजमनगंज, महराजगंज। बृजमनगंज थाना क्षेत्र के ग्राम सभा फुलमनहा स्थित जीतपुर गांव में सोमवार को मकान निर्माण के दौरान शटरिंग लगाने में हुई देरी को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई, जिसमें चार लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बृजमनगंज पहुंचाया गया, जहां से दो लोगों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल सिद्धार्थनगर रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, जीतपुर गांव निवासी तीरथराज यादव उर्फ सुखारी यादव के घर पर शटरिंग लगाने का कार्य चल रहा था। बताया जा रहा है कि शटरिंग लगाने का काम 28 हजार रुपये में तय हुआ था। आरोप है कि कार्य शुरू होने के करीब 15 दिन बाद भी काम पूरा नहीं हो सका था, जबकि भवन स्वामी द्वारा 21 हजार रुपये का भुगतान पहले ही किया जा चुका था।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, अधूरे कार्य के बावजूद शेष भुगतान की मांग को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हुआ। पहले दोनों पक्षों में तीखी नोकझोंक हुई, जिसके बाद मामला बढ़ गया और मारपीट होने लगी।
घटना में चार लोग घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए सीएचसी बृजमनगंज भिजवाया। प्राथमिक उपचार के बाद दो घायलों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल सिद्धार्थनगर रेफर कर दिया गया।
वरिष्ठ उपनिरीक्षक तारकेश्वर वर्मा ने बताया कि भवन स्वामी और उसके कुछ रिश्तेदारों द्वारा शटरिंग का कार्य कर रहे मजदूरों के साथ मारपीट किए जाने की सूचना मिली है। घटना में उपेंद्र चौहान, नागेंद्र, वशिष्ठ नारायण समेत चार लोग घायल हुए हैं। सभी का चिकित्सीय परीक्षण कराया गया है।
उन्होंने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।










