सौरभ जायसवाल
महराजगंज। जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने देर रात्रि थाना बृजमनगंज का औचक निरीक्षण किया। एसपी के अचानक पहुंचने से थाना परिसर में हड़कंप मच गया।

निरीक्षण के दौरान एसपी ने थाना कार्यालय, सीसीटीएनएस कक्ष, अभिलेखों का संधारण, अपराध पंजिका, मालखाना, हवालात, महिला हेल्प डेस्क तथा साफ-सफाई व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अभिलेखों को सुव्यवस्थित और अद्यतन रखने के निर्देश दिए।
एसपी ने लंबित विवेचनाओं के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण, वांछित अभियुक्तों और वारंटियों की गिरफ्तारी में तेजी लाने के लिए सख्त निर्देश दिए। इसके साथ ही शिकायतों पर त्वरित एवं पारदर्शी कार्रवाई सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने बीट पुलिसिंग को मजबूत करने, क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने तथा अपराध नियंत्रण के लिए प्रभावी सूचना तंत्र विकसित करने के निर्देश भी दिए। साथ ही पुलिसकर्मियों को आम जनता के साथ संवेदनशील, विनम्र और विश्वासपूर्ण व्यवहार अपनाने की हिदायत दी।

निरीक्षण के दौरान ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को उच्च स्तर की सतर्कता, अनुशासन और पेशेवर दक्षता के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया गया। एसपी ने स्पष्ट किया कि प्रत्येक पुलिसकर्मी अपनी कार्यशैली में पारदर्शिता और जवाबदेही को प्राथमिकता दे, ताकि पुलिस के प्रति आमजन का विश्वास और मजबूत हो सके।
इस दौरान थाना अध्यक्ष सत्य प्रकाश सिंह, उपनिरीक्षक आलोक यादव, राजन पासवान, गजेंद्र प्रताप सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।


















