महराजगंज: उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक ने मृतक खाताधारक के पति को सौंपा 2 लाख रुपये का चेक

- बृजमनगंज शाखा में प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के तहत मिली सहायता, सुनीता देवी की आकस्मिक मृत्यु के बाद नामिनी हरिश्चंद्र को दी गई बीमा राशि
सौरभ जायसवाल
बृजमनगंज, महराजगंज। उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक की बृजमनगंज शाखा के शाखा प्रबंधक अंकित श्रीवास्तव ने बैंक की ग्राहक स्वर्गीय सुनीता देवी के नामिनी और उनके पति हरिश्चंद्र, निवासी गुजरौलिया टोला मदरहना, को आकस्मिक मृत्यु के बाद बीमा सहायता के रूप में 2 लाख रुपये का चेक प्रदान किया।
बताया गया कि 29 दिसंबर 2025 को सुनीता देवी की आकस्मिक मृत्यु हो गई थी। उन्होंने अपने बचत खाते के माध्यम से ग्राहक सेवा केंद्र बृजमनगंज की संचालिका रंजीता श्रीवास्तव के सहयोग से सरकार की सामाजिक सुरक्षा योजना प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (PMJJBY) के तहत बीमा करा रखा था। इसके लिए उनके खाते से प्रतिवर्ष 436 रुपये की राशि बीमा प्रीमियम के रूप में जमा होती थी।
ग्राहक सेवा केंद्र की संचालिका रंजीता श्रीवास्तव और मैगनाट कंपनी के जिला समन्वयक राहुल मौर्य के प्रयासों से मृतका के नामिनी पति हरिश्चंद्र को बैंक शाखा परिसर में बीमा सहायता राशि का चेक प्रदान किया गया।
इस अवसर पर शाखा प्रबंधक अंकित श्रीवास्तव ने सभी खाताधारकों से अपील की कि वे अपने खाते के माध्यम से उपलब्ध सुरक्षा बीमा योजनाओं का लाभ अवश्य लें, ताकि आकस्मिक परिस्थितियों में परिवार को आर्थिक सहायता मिल सके।
इस दौरान फील्ड ऑफिसर शेखर कुमार, राजकुमार, शुभम, श्रेयांश जायसवाल, अमर सिंह सहित कई लोग उपस्थित रहे।