उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य ने रायबरेली में वन स्टॉप सेंटर, सीएचसी, आंगनबाड़ी व कस्तूरबा विद्यालय का किया निरीक्षण

रायबरेली। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य पुनम द्विवेदी ने दो दिवसीय जनपद भ्रमण कार्यक्रम के दूसरे दिन महिला एवं बालिकाओं से जुड़ी विभिन्न संस्थाओं का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण का उद्देश्य महिला सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और बालिका शिक्षा से संबंधित व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करना रहा।

कार्यक्रम की शुरुआत महानंदापुर स्थित वन स्टॉप सेंटर के निरीक्षण से हुई। यहां आयोग सदस्य ने केंद्र प्रबंधन से महिलाओं से संबंधित दर्ज प्रकरणों, अभिलेखों और उपलब्ध सेवाओं की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान सभी कार्मिक रोस्टर के अनुसार उपस्थित पाए गए। उन्होंने केंद्र प्रबंधक को निर्देश दिए कि पीड़ित महिलाओं को समयबद्ध सहायता, काउंसलिंग और विधिक सहयोग सुनिश्चित किया जाए।

इसके पश्चात विकासखंड हरचंदपुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण में स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। महिला आयोग सदस्य ने कहा कि अस्पताल में आने वाले मरीजों, विशेषकर महिलाओं को बेहतर एवं संवेदनशील चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं और किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो।

इसके बाद ग्राम पंचायत करनावां के आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के समय केंद्र पर 3 से 6 वर्ष आयु वर्ग के 18 बच्चे उपस्थित मिले और कायाकल्प के सभी मानक पूर्ण पाए गए। आयोग सदस्य ने गर्भवती महिलाओं की गोदभराई कराई तथा बच्चों को अन्नप्राशन कराया। उन्होंने बच्चों से अक्षर ज्ञान और गिनती की जानकारी भी ली, जिसमें बच्चों का प्रदर्शन संतोषजनक रहा।

निरीक्षण कार्यक्रम के अंत में विकासखंड हरचंदपुर स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय का दौरा किया गया। विद्यालय में नामांकन शत-प्रतिशत पाया गया तथा साफ-सफाई की स्थिति सामान्य रही। आयोग सदस्य ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आवासीय बालिकाओं की शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं पोषण पर विशेष ध्यान दिया जाए।

महिला आयोग सदस्य पुनम द्विवेदी ने कहा कि महिलाओं और बालिकाओं से जुड़ी संस्थाओं की नियमित निगरानी आवश्यक है, ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ वास्तविक पात्रों तक प्रभावी रूप से पहुंच सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि महिला सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों की रक्षा आयोग की प्राथमिकता है और इस दिशा में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

Share this article

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts