- नगरवासियों ने फॉगिंग, दवा छिड़काव और नालों की सफाई की उठाई मांग, नगर पंचायत अध्यक्ष बोले- जल्द शुरू होगा अभियान
सौरभ जायसवाल
बृजमनगंज, महराजगंज। नगर पंचायत बृजमनगंज में इन दिनों मच्छरों का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। नगर क्षेत्र में नियमित फॉगिंग और बचाव संबंधी उपाय न होने से स्थानीय लोगों में नाराजगी देखने को मिल रही है। खुले नालों, गंदगी और जलभराव के कारण मच्छरों की संख्या बढ़ रही है, जिससे संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है।
नगरवासियों का कहना है कि शाम ढलते ही मच्छरों का आतंक बढ़ जाता है। लोगों को घरों के बाहर बैठना तो दूर, कई बार घरों के अंदर भी चैन से रहना मुश्किल हो जाता है। मच्छरों के बढ़ते प्रकोप से बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय निवासी सूरज सिंह जायसवाल, रवि वर्मा, इन्द्रेश यादव और अरविन्द यादव ने बताया कि कई बार संबंधित विभाग और नगर पंचायत को समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक फॉगिंग या दवा छिड़काव के लिए कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया। उनका कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो डेंगू, मलेरिया और अन्य संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है।
नगरवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि पूरे नगर क्षेत्र में तत्काल फॉगिंग अभियान चलाया जाए, नालों की नियमित सफाई कराई जाए और मच्छरों की रोकथाम के लिए दवा का छिड़काव कराया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।
इस संबंध में नगर पंचायत अध्यक्ष राकेश जायसवाल ने बताया कि नगर में सफाई अभियान लगातार चलाया जा रहा है और विकास कार्य भी तेजी से कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि नगरवासियों की समस्या को गंभीरता से लिया गया है तथा जल्द ही फॉगिंग अभियान शुरू कराया जाएगा, जिससे मच्छरों के बढ़ते प्रकोप पर नियंत्रण पाया जा सके।
स्थानीय लोगों को अब उम्मीद है कि नगर पंचायत द्वारा जल्द कार्रवाई किए जाने से उन्हें मच्छरों की समस्या से राहत मिलेगी और संक्रामक बीमारियों के खतरे को भी कम किया जा सकेगा।













