बृजमनगंज में मच्छरों का कहर, फॉगिंग न होने से लोग परेशान, दवा छिड़काव की मांग तेज

सौरभ जायसवाल

बृजमनगंज, महाराजगंज। नगर पंचायत बृजमनगंज में इन दिनों मच्छरों का प्रकोप तेजी से बढ़ गया है, जिससे स्थानीय लोग खासे परेशान हैं। नगर पंचायत द्वारा फॉगिंग या दवा छिड़काव की समुचित व्यवस्था न होने के कारण स्थिति और गंभीर होती जा रही है।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि मच्छरों के बढ़ते प्रकोप से रात में सोना मुश्किल हो गया है। हालात ऐसे हो गए हैं कि कई गरीब परिवार रात काटने के लिए अंडे के गत्ते जलाने को मजबूर हैं।

मच्छरों के लगातार काटने से लोग बीमार पड़ रहे हैं। शरीर पर ददोरे, खुजली और तेज जलन जैसी समस्याएं सामने आ रही हैं, जिससे डेंगू, मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है।

नगर पंचायत के पूर्व प्रत्याशी व वरिष्ठ सपा नेता दिलीप चौधरी ने बताया कि मच्छरों की संख्या इतनी बढ़ गई है कि उनके काटने से शरीर पर ददोरे पड़ जाते हैं और तेज जलन होती है।

वहीं एक स्थानीय व्यवसायी ने कहा कि हर साल मच्छरों की संख्या बढ़ती जा रही है, लेकिन नगर पंचायत द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है।

स्थानीय निवासियों ने नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी (ईओ) सुरभि मिश्रा से जल्द से जल्द फॉगिंग और दवा छिड़काव कराने की मांग की है। साथ ही नालों की नियमित सफाई की भी आवश्यकता जताई गई है।

इस संबंध में नगर पंचायत अध्यक्ष राकेश जायसवाल ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही नगर में फॉगिंग और दवा छिड़काव की व्यवस्था कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि नगर की गलियों, तालाबों और अन्य चिन्हित स्थानों पर लार्वा नष्ट करने के लिए कीटनाशक दवा का छिड़काव भी कराया जाएगा।

नगर के 16 वार्डों के लोगों का कहना है कि मच्छरों का प्रकोप इतना बढ़ गया है कि बच्चे, बुजुर्ग, महिलाएं और युवा सभी प्रभावित हैं। जिन परिवारों के पास मच्छर भगाने के साधन नहीं हैं, वे अंडे के गत्ते जलाकर रात बिताने को मजबूर हैं।

इस समस्या को लेकर रवि वर्मा, सूरज सिंह जायसवाल, दिलीप मणि त्रिपाठी, राजू जायसवाल, शमशाद खान, सुनील यादव, राहुल यादव, आर्यन जायसवाल, शकील खान, फैजान खान, फिरोज अहमद, दिलशाद खान, प्रिंस जायसवाल, अरुण सिंह, धर्म यादव और मंटू शर्मा सहित कई लोगों ने चिंता जताई है।

मच्छरों के बढ़ते प्रकोप ने नगर पंचायत की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना यह होगा कि प्रशासन कब तक इस समस्या का समाधान करता है।

Share this article

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts