रायबरेली: तेज रफ्तार बोलेरो बिजली के खंभे से टकराई, बड़ा हादसा टला

रायबरेली। उचांहार कोतवाली क्षेत्र के धमोली गांव में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक तेज रफ्तार बोलेरो बिजली के खंभे से जा टकराई। हादसा इतना जोरदार था कि बिजली का पोल क्षतिग्रस्त होकर टेढ़ा हो गया। हालांकि, गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बोलेरो चालक पवन कुमार यादव (पुत्र बैधनाथ यादव, निवासी धारूपुर) कथित रूप से नशे की हालत में वाहन चला रहा था। ग्रामीणों के मुताबिक, वह बोलेरो को तेज गति में लापरवाही से इधर-उधर चला रहा था।

बताया जा रहा है कि वह निवाजी का पुरवा की ओर से आ रहा था, तभी वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बिजली पोल से टकरा गया। टक्कर इतनी तेज थी कि बिजली का खंभा एक ओर झुक गया, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई।

संभावित खतरे को देखते हुए ग्रामीणों ने तत्काल लकड़ी का सहारा देकर पोल को संभालने की कोशिश की, ताकि कोई बड़ा हादसा न हो। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते स्थिति को नियंत्रित न किया जाता, तो गंभीर दुर्घटना हो सकती थी।

फिलहाल, घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है, लेकिन बिजली पोल क्षतिग्रस्त होने से खतरा बना हुआ है।

Share this article

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts