रायबरेली: सेमरी चौराहे पर ई-रिक्शा चालकों में मारपीट, वीडियो वायरल, पुलिसकर्मी बीच-बचाव करते दिखा

  • सवारी बैठाने को लेकर हुआ विवाद, सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में कांस्टेबल भी नजर आया; पुलिस ने कहा- अब तक कोई तहरीर नहीं मिली

रायबरेली। खीरों थाना क्षेत्र के अंतर्गत सेमरी चौराहे में दो ई-रिक्शा चालकों में सवारी बैठाने को लेकर पहले वाद विवाद हुआ फिर जमकर मारपीट हुई। एक ई-रिक्शा चालक ने दूसरे की पिटाई कर दिया। पीटे जाने के बाद उस ई- रिक्शा चालक ने अपने अन्य साथियों को बुलाकर दूसरे की जमकर धुनाई किया। दिनदहाड़े सड़क पर ई-रिक्शा चालकों के बीच होते गाली-गलौज और मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वॉयरल हो रहा है।

निष्पक्ष दर्पण वॉयरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है, यह जांच का विषय है। सोशल मीडिया पर वॉयरल हो रहे वीडियो में पुलिस का एक कांस्टेबल मारपीट के दौरान बीच-बचाव करता दिखाई दे रहा है। पुलिस की मौजूदगी में ई-रिक्शा चालकों में होती मारपीट क्षेत्र में चौपट कानून व्यवस्था की पोल खोलती है।

शनिवार दोपहर सेमरी पुलिस चौकी से कुछ दूरी पर खीरों- सेमरी रोड पर ई-रिक्शा में सवारी बैठाने को लेकर दो ई- रिक्शा चालकों में जमकर गाली-गलौज हुई। बात अधिक बढ़ने पर एक ई-रिक्शा चालक ने दूसरे को जमकर धुन दिया। पीटे जाने के बाद ई-रिक्शा चालक ने मौके पर अपने चार-पांच साथियों को बुलाकर दूसरे ई-रिक्शा चालक के साथ जमकर मारपीट किया।

एक- दूसरे को धमकाने और मारपीट करने के दौरान वीडियो में सेमरी पुलिस चौकी में तैनात एक कांस्टेबल बीच-बचाव करते दिखाई दे रहा है। बेखौफ ई- रिक्शा चालकों ने पुलिस की मौजूदगी से बेपरवाह होकर दिनदहाड़े सड़क पर जमकर तांडव किया। जिसे देखकर मौके पर दर्जनों लोगों की भीड़ जमा हो गई।

मामला काबू से बाहर जाता देख मौके पर मौजूद कांस्टेबल ने पुलिस चौकी को सूचना दिया। जिसके बाद फोर्स मौके पर पहुंची और मामले को शांत कराया। प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह ने बताया कि घटना में अभी तक कोई तहरीर नहीं दी गई है।

ई-रिक्शा चालकों ने नाक में कर रखा दम

ई-रिक्शा चालकों की मनमानी और दबंगई से पूरे क्षेत्र में यातायात व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है। आम राहगीरों का सड़क पर चलना दूभर है। खीरों चौराहा, सेमरी चौराहा, महरानीगंज बाजार, पाहो बाजार, झमकोरियापुर बाजार, बनईमऊ बाजार व क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर लगने वाली छोटी-बड़ी बाजारों में बेड़ा-तिरछा खड़े ई-रिक्शा ने सड़क पर लोगों का चलना मुश्किल कर दिया है। पुलिस मामले का संज्ञान नहीं लेती है।

Share this article

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts