रायबरेली: सड़क पर अचानक कुत्ता आने से बाइक हादसा, बड़े भाई की मौत, पिता और छोटा भाई गंभीर

  • सेमरी-सरेनी मार्ग पर हुआ हादसा, तीनों एक ही बाइक पर थे सवार, घायल भाई जिला अस्पताल रेफर

रायबरेली। खीरो थाना क्षेत्र के अंतर्गत खपुरा के पास सेमरी- सरेनी रोड पर एक बाइक के सामने अचानक कुत्ता आ जाने से बाइक नियंत्रित हो गई। बाइक पर सवार दो युवक व एक वृद्ध समेत तीन लोग घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए सीएचसी पहुंचाया गया। उनमें से एक युवक को मृत घोषित कर दिया गया। दूसरे बाइक सवार युवक की हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

दुर्घटना में घायल वृद्ध का इलाज लालगंज सीएचसी में चल रहा है। सरेनी थाना क्षेत्र के अंतर्गत बेलहा गांव निवासी गोकरन (70 वर्ष) पुत्र सत्यनारायण अपने दो पुत्रों संजय (38) व लवकुश (36) के साथ बाइक पर सवार होकर खीरों थाना क्षेत्र के महरानीगंज निवासी किसी खाना बनाने वाले कारीगर के पास किसी काम से जा रहे थे।

रास्ते में सेमरी-सरेनी रोड पर अचानक बाइक के सामने कुत्ता आ गया। जिससे बाइक अनियंत्रित हो गई। तीनों बाइक सवार दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना में घायल तीनों बाइक सवारों को इलाज के लिए सीएचसी लालगंज पहुंचाया गया। वहां डॉक्टर ने संजय को मृत घोषित कर दिया।

लवकुश की हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पिता गोकरन का इलाज लालगंज सीएचसी में चल रहा है।

प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह ने बताया कि घटना में अभी तक कोई तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलने पर जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *