सड़क विवाद ने लिया हिंसक रूप! महुलानी में महिला से मारपीट, वीडियो वायरल

[post-views]

सौरभ जायसवाल

बृजमनगंज, महाराजगंज। बृजमनगंज ब्लॉक के ग्राम पंचायत महुलानी में सड़क निर्माण को लेकर शुरू हुआ विवाद अब मारपीट तक पहुंच गया है।

ग्राम पंचायत निधि से बन रही सड़क में एक घर के सामने चौड़ी और दूसरे के सामने संकरी सड़क बनाए जाने को लेकर दो पक्षों के बीच तनाव पैदा हो गया, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया।

बताया जा रहा है कि निर्माण कार्य के दौरान ही स्थानीय लोगों ने सड़क की चौड़ाई को लेकर आपत्ति जताई। इसी मुद्दे पर दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हुई, जो ग्राम प्रधान की मौजूदगी में ही बढ़ती चली गई। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि कहासुनी के बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और मारपीट शुरू हो गई।

विवाद के दौरान एक पक्ष के लोगों द्वारा विद्यावती देवी नाम की महिला के साथ कथित रूप से मारपीट की गई। आरोप है कि महिला पर लाठी-डंडों और चप्पलों से हमला किया गया।

घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कुछ लोग महिला को घसीटते और अभद्र व्यवहार करते नजर आ रहे हैं। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे मामले ने और तूल पकड़ लिया है।

पीड़िता विद्यावती देवी ने संबंधित थाने में नामजद तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि उनके साथ बिना किसी कारण के मारपीट की गई और उन्हें अपमानित किया गया।

इस घटना को लेकर क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क निर्माण में भेदभाव के आरोपों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसे विवाद न उत्पन्न हों।

थानाध्यक्ष सत्य प्रकाश सिंह ने बताया कि पुलिस को तहरीर प्राप्त हो गई है। मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर दोषियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद गांव में चर्चा का माहौल है और लोग प्रशासन से निष्पक्ष कार्रवाई की उम्मीद कर रहे हैं, ताकि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनी रहे।

Share this article

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts