शकील अहमद
लखनऊ। राजधानी लखनऊ में महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण को लेकर चल रहे ‘मिशन शक्ति 5.0’ अभियान के तहत थाना मानकनगर पुलिस टीम ने अवध चौराहा, मानक नगर क्षेत्र में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया।
इस कार्यक्रम में लगभग 20-25 महिलाओं और बालिकाओं को विभिन्न सुरक्षा उपायों, हेल्पलाइन नंबरों और डिजिटल सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। उत्तर प्रदेश पुलिस की प्रमुख पहल ‘मिशन शक्ति’ का उद्देश्य महिलाओं और बच्चों को सुरक्षित वातावरण प्रदान करना तथा उन्हें उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना है।
इसी क्रम में लखनऊ कमिश्नरेट क्षेत्र में व्यापक स्तर पर गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। पुलिस आयुक्त अमरेन्द्र कुमार सेंगर के निर्देशन में जनपद के 54 थानों पर ‘मिशन शक्ति केंद्र’ स्थापित किए जा चुके हैं, जहां महिलाओं की शिकायतों के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए गए हैं। प्रत्येक केंद्र पर निरीक्षक, अतिरिक्त निरीक्षक, उपनिरीक्षक और महिला उपनिरीक्षक की तैनाती की गई है।
कार्यक्रम में महिला उपनिरीक्षक पूजा पाल (मिशन शक्ति प्रभारी) और महिला कांस्टेबल रूबी देवी सहित पुलिस टीम ने उपस्थित महिलाओं को शारीरिक एवं डिजिटल सुरक्षा, साइबर अपराध से बचाव और आत्मनिर्भरता से जुड़े विषयों पर विस्तार से जानकारी दी।
महिलाओं को विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों के बारे में जागरूक किया गया, जिनमें महिला पावरलाइन 1090, महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्डलाइन 1098, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, पुलिस सहायता 112, एंबुलेंस सेवा 102 एवं 108 और साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 शामिल हैं।
इसके अतिरिक्त, ऑनलाइन सुरक्षा के लिए CEIR पोर्टल तथा UP COP मोबाइल एप्लिकेशन के उपयोग की प्रक्रिया भी समझाई गई। महिलाओं को यह भी बताया गया कि किसी आपात स्थिति में मिशन शक्ति केंद्र के समर्पित नंबर के माध्यम से सीधे सहायता प्राप्त की जा सकती है।
अवध चौराहे पर आयोजित यह कार्यक्रम स्थानीय महिलाओं को सुरक्षा तंत्र, उपलब्ध संसाधनों और सरकारी योजनाओं से परिचित कराने की दिशा में एक सार्थक पहल के रूप में देखा गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।


















