रायबरेली के पृथ्वीराज सिंह का राष्ट्रीय सीनियर वॉलीबॉल चैंपियनशिप के लिए चयन, जिले में खुशी

  • 72वीं राष्ट्रीय सीनियर वॉलीबॉल चैंपियनशिप के लिए हुआ चयन, 4 से 11 जनवरी तक वाराणसी में होगा आयोजन

रायबरेली। रायबरेली जनपद के प्रतिभावान वॉलीबॉल खिलाड़ी पृथ्वीराज सिंह के चयन से जिले में हर्ष और गर्व का माहौल है। उनका चयन 04 जनवरी से 11 जनवरी 2026 तक डॉ. सम्पूर्णानंद स्टेडियम, वाराणसी में आयोजित होने वाली 72वीं राष्ट्रीय सीनियर वॉलीबॉल चैंपियनशिप के लिए किया गया है। इस उपलब्धि पर क्षेत्रवासियों, खेल प्रेमियों और जिला वॉलीबॉल संघ के पदाधिकारियों ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।

पृथ्वीराज सिंह एक होनहार खिलाड़ी हैं, जो खेल के साथ-साथ शिक्षा को भी समान रूप से महत्व देते हैं। वर्तमान में वे KIIT यूनिवर्सिटी से मास्टर्स की पढ़ाई कर रहे हैं और बीजू पटनायक इंडोर स्टेडियम में नियमित रूप से अभ्यास करते हैं। वर्ष 2018 में वॉलीबॉल की शुरुआत करने वाले पृथ्वीराज अब तक तीन सीनियर स्टेट चैंपियनशिप में प्रतिभाग कर चुके हैं।

पिछले 5–6 वर्षों से वे पढ़ाई और खेल दोनों को संतुलित रूप से आगे बढ़ा रहे हैं। सुबह कॉलेज की कक्षाएं और शाम को स्टेडियम में कड़ी प्रैक्टिस-यही उनकी दिनचर्या है। कठिन परिस्थितियों के बावजूद पृथ्वीराज ने यह साबित किया है कि दृढ़ इच्छाशक्ति और अनुशासन से शिक्षा और खेल दोनों में सफलता पाई जा सकती है।

उत्तर प्रदेश वॉलीबॉल एसोसिएशन के महासचिव सुनील कुमार तिवारी ने चयनित खिलाड़ियों की सूची जारी करते हुए बताया कि प्रदेश की पुरुष एवं महिला टीमों के लिए खिलाड़ियों का चयन 14 दिसंबर 2025 को ग्रीनपार्क स्टेडियम, कानपुर में किया गया था। चयनित खिलाड़ियों का प्रशिक्षण शिविर 20 दिसंबर 2025 से 03 जनवरी 2026 तक डॉ. सम्पूर्णानंद स्टेडियम, वाराणसी में आयोजित किया जाएगा, जिसके बाद अंतिम रूप से प्रदेशीय टीमें राष्ट्रीय चैंपियनशिप में प्रतिभाग करेंगी।

महासचिव सुनील कुमार तिवारी ने कहा कि खेल जीवन का अभिन्न हिस्सा है। यह केवल शारीरिक फिटनेस ही नहीं, बल्कि अनुशासन, टीम वर्क, धैर्य और चरित्र निर्माण का माध्यम भी है। वहीं जिला वॉलीबॉल एसोसिएशन रायबरेली के संयुक्त सचिव अखिलेश प्रताप सिंह ने कहा कि जो खिलाड़ी खेल को अपनाते हैं, उन्हें पूरे समर्पण और सम्मान के साथ उसे जीना चाहिए।

पृथ्वीराज सिंह के चयन पर रायबरेली कांग्रेस के जिला प्रवक्ता सिद्धार्थ त्रिवेदी, विजय शंकर सिंह (अध्यक्ष, जिला वॉलीबॉल एसोसिएशन रायबरेली), अमित त्रिपाठी (संयुक्त सचिव), डॉ. भूपेंद्र सिंह (कोषाध्यक्ष) सहित अन्य पदाधिकारियों और खेल प्रेमियों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।पृथ्वीराज सिंह की यह उपलब्धि न केवल रायबरेली, बल्कि उन सभी युवाओं के लिए प्रेरणा है जो खेल को अपना करियर बनाने का सपना देखते हैं।

Share this article

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts