रायबरेली। जिला निर्वाचन अधिकारी हर्षिता माथुर के निर्देशानुसार अपर जिलाधिकारी (प्रशासन)/उप जिला निर्वाचन अधिकारी सिद्धार्थ की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में सभी मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (SIR) के संबंध में बैठक आयोजित की गई।
बैठक में राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को एसआईआर के दौरान दावे एवं आपत्तियों के निस्तारण, नोटिस जारी करने तथा उनसे संबंधित सुनवाई प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि जिन मतदाताओं ने अपना गणना प्रपत्र भरा है, लेकिन जिनका वर्ष 2003 के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण की अंतिम मतदाता सूची से मिलान नहीं हो सका है, उन्हें नोटिस जारी कर अभिलेखीय साक्ष्य मांगे गए हैं।
इसी प्रकार जिन मामलों में मैपिंग के दौरान तार्किक विसंगतियां पाई गई हैं, उन मतदाताओं को भी नोटिस जारी कर दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए जा रहे हैं। बताया गया कि विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (SIR) के दूसरे चरण में 06 जनवरी से 06 फरवरी 2026 तक दावे एवं आपत्तियां दर्ज की जा सकती हैं।
इसके उपरांत 06 जनवरी से 27 फरवरी 2026 तक नोटिस चरण के अंतर्गत सुनवाई, सत्यापन तथा दावे-आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा। मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 06 मार्च 2026 को किया जाएगा।
अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि कोई मतदाता किसी कारणवश सुनवाई में स्वयं उपस्थित नहीं हो पाता है, तो वह अपने प्रतिनिधि को नामित कर सुनवाई के लिए भेज सकता है।
बैठक में सभी राजनैतिक दलों से अनुरोध किया गया कि वे अपने बूथ लेवल एजेंट (BLA) के माध्यम से मतदाताओं को यह संदेश दें कि 06 जनवरी 2026 को प्रकाशित आलेख्य मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांच लें। जिन पात्र मतदाताओं का नाम सूची में दर्ज नहीं है, वे घोषणा पत्र तथा निवास व जन्मतिथि प्रमाणित करने वाले अभिलेखों के साथ फॉर्म-6 भरकर जमा कर सकते हैं।
साथ ही ऐसे युवा मतदाता, जिन्होंने 01 जनवरी 2026 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर ली है, वे भी फॉर्म-6 भरकर अंतिम मतदाता सूची में अपना नाम शामिल करा सकते हैं। अधिकारियों ने बताया कि मृत, स्थायी रूप से स्थानांतरित अथवा दोहरी प्रविष्टि वाले मतदाताओं की बूथ-स्तरीय सूची बूथ लेवल अधिकारी (BLO) द्वारा संबंधित बूथ लेवल एजेंट (BLA) को उपलब्ध कराई गई है।
31 जनवरी 2026 को सभी बीएलओ अपने मतदेय स्थलों पर प्रकाशित ड्राफ्ट मतदाता सूची का पुनः वाचन करेंगे। मतदाता बीएलओ के पास उपलब्ध आलेख्य मतदाता सूची, भारत निर्वाचन आयोग के ECINET मोबाइल ऐप, मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तर प्रदेश की वेबसाइट http://ceouttarpradesh.nic.in तथा आयोग के पोर्टल voters.eci.gov.in पर भी अपना नाम देख सकते हैं।
बैठक में उपस्थित राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को नोटिस की जानकारी ऑनलाइन प्राप्त करने तथा आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने की व्यवस्था के संबंध में भी अवगत कराया गया। अंत में सभी दलों से एसआईआर कार्य में पूर्ण सहयोग करने और अधिक से अधिक फॉर्म-6 भरवाने के लिए अपने बूथ लेवल एजेंट्स के माध्यम से सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया गया।
बैठक में उप जिलाधिकारी विवेक राजपूत, प्रभारी सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी फिरोज अहमद सहित विभिन्न राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।


















