रायबरेली में यातायात माह का समापन, उत्कृष्ट कार्य करने वालों को एसपी ने किया सम्मानित

रायबरेली। रायबरेली में नवंबर माह के दौरान चलाए गए यातायात माह का समापन रविवार को रिजर्व पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम के साथ हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने की। उन्होंने सड़क सुरक्षा को जनजीवन से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय बताते हुए कहा कि सुरक्षित यात्रा प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है और इसके लिए सड़क पर अनुशासन बेहद आवश्यक है।

उन्होंने लोगों से हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, तेज रफ्तार व नशे में वाहन न चलाने, चौराहों पर सतर्कता बरतने तथा स्टंट बाइकिंग, प्रेशर हॉर्न और मोडिफाइड साइलेंसर से परहेज करने की अपील की।

समापन समारोह में यातायात जागरूकता में उत्कृष्ट योगदान देने वाले पुलिस अधिकारी और कर्मचारी, विद्यालयों में आयोजित प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले छात्र–छात्राओं तथा अन्य सहयोगी नागरिकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार सिन्हा, क्षेत्राधिकारी नगर अरुण कुमार नौहवार, क्षेत्राधिकारी लाइंस अनिल कुमार सिंह, प्रभारी निरीक्षक यातायात विनय कुमार तिवारी, पत्रकार और व्यापार मंडल के सदस्य उपस्थित रहे।

यातायात माह के दौरान पुलिस ने विभिन्न उल्लंघनों पर कार्रवाई करते हुए 13,140 बिना हेलमेट, 695 बिना सीट बेल्ट, 1,426 दोपहिया पर तीन सवारी, 1,232 नो-पार्किंग उल्लंघन, 247 बिना बीमा, 722 बिना ड्राइविंग लाइसेंस, 57 मोबाइल का उपयोग, 70 काली फिल्म, 17 अवैध हूटर, 452 गलत दिशा में वाहन चलाने, 1,255 गलत नंबर प्लेट और 15 जाति-सूचक शब्द लिखने के मामलों में कार्यवाही की।

एसपी ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित रखने के लिए आगे भी इसी प्रकार कार्रवाई और जागरूकता अभियान लगातार जारी रहेंगे।

Share this article

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts