आंधी-बारिश ने बर्बाद की फसल, किसान बोले-सरकार खामोश, कर्ज वसूली बंद करो

सलमान खान

बाजपुर (ऊधम सिंह नगर)। हाल ही में आई तेज आंधी और बारिश ने क्षेत्र के किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया है। गेहूं की फसल को भारी नुकसान हुआ है, लेकिन दूसरे दिन तक भी प्रशासनिक स्तर पर कोई ठोस पहल न होने से किसानों में नाराजगी बढ़ रही है।

किसान नेता जगतार सिंह बाजवा ने प्रभावित गांवों का दौरा कर फसलों की स्थिति का जायजा लिया और किसानों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने बताया कि तेज आंधी और बारिश के कारण बड़ी मात्रा में गेहूं की फसल जमीन पर गिर गई है, जिससे उत्पादन में करीब 30 से 40 प्रतिशत तक कमी आने की आशंका है।

बाजवा ने कहा कि किसान पहले से ही आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं और ऐसे में यह प्राकृतिक आपदा उनकी स्थिति को और खराब कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन किसानों की समस्याओं को लेकर उदासीन बना हुआ है।

उन्होंने कहा कि जहां एक ओर अधिकारियों के पास अन्य कार्यों के लिए समय है और कर्ज वसूली पर जोर दिया जा रहा है, वहीं किसानों की फसल बर्बादी की ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा। यदि जल्द ही प्रशासन ने नुकसान का सर्वे कर मुआवजे की प्रक्रिया शुरू नहीं की, तो किसान आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।

किसान नेता ने सरकार से मांग की कि प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल सर्वे कराया जाए और किसानों को उचित मुआवजा दिया जाए। साथ ही उन्होंने बाजपुर तहसील द्वारा किसानों से की जा रही कर्ज वसूली पर भी तत्काल रोक लगाने की मांग की है।

फिलहाल किसान प्रशासन की ओर से राहत और सहायता की उम्मीद लगाए बैठे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *