बृजमनगंज ब्लॉक में डीडीओ का औचक निरीक्षण, सफाई व्यवस्था व विकास कार्यों की हुई समीक्षा

सौरभ जायसवाल

बृजमनगंज, महराजगंज। जिला विकास अधिकारी (डीडीओ) भोलेनाथ कन्नौजिया ने मंगलवार को बृजमनगंज विकास खंड कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ब्लॉक परिसर की सफाई व्यवस्था का जायजा लिया और संबंधित कर्मचारियों को साफ-सफाई में सुधार के स्पष्ट निर्देश दिए।

निरीक्षण के उपरांत डीडीओ ने खंड विकास अधिकारी कार्यालय में एक समीक्षा बैठक आयोजित की, जिसमें विकास खंड में संचालित विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक के दौरान उन्होंने सभी ग्राम पंचायत सचिवों से उनकी-अपनी ग्राम पंचायतों में चल रहे विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।

डीडीओ भोलेनाथ कन्नौजिया ने पंचायत सचिवों को निर्देशित किया कि वे नियमित रूप से गांवों में अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करें तथा शासन की योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से पहुँचाया जाए।

इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी कृष्णकांत शुक्ला, सहायक विकास अधिकारी पंचायत गुलाब पाठक, अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी अवनीश कुमार शुक्ला सहित सभी ग्राम पंचायत सचिव एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *