महराजगंज में टीबी उन्मूलन अभियान तेज, परसौना कोल्हुई में 70 लोगों की जांच, 13 का एक्सरे

  • मोबाइल मेडिकल टीम ने एएनएम केंद्र पर लगाया जांच शिविर, स्वास्थ्य कर्मियों ने टीबी के लक्षण और बचाव की दी जानकारी

सौरभ जायसवाल

बृजमनगंज, महराजगंज। जनपद में क्षय रोग (टीबी) उन्मूलन अभियान को प्रभावी बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग लगातार विशेष जांच शिविर आयोजित कर रहा है। इसी क्रम में बुधवार को बृजमनगंज विकास खंड के ग्राम सभा परसौना कोल्हुई स्थित एएनएम केंद्र पर टीबी जांच शिविर का आयोजन किया गया, जहां मोबाइल मेडिकल टीम ने संभावित मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक स्वास्थ्य परामर्श प्रदान किया।

शिविर में कुल 70 संभावित मरीजों की क्षय रोग संबंधी जांच की गई। वहीं, संदिग्ध लक्षण पाए जाने पर 13 लोगों का मोबाइल एक्सरे यूनिट के माध्यम से एक्सरे परीक्षण भी कराया गया। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार इस तरह के शिविरों का उद्देश्य टीबी के संभावित मरीजों की समय रहते पहचान कर उन्हें उपचार से जोड़ना है।

इस अवसर पर क्षय रोग स्वास्थ्य दर्शक अंकिता पाण्डेय ने ग्रामीणों को टीबी के लक्षण, उपचार और बचाव के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि टीबी एक गंभीर लेकिन पूरी तरह से उपचार योग्य बीमारी है।

यदि किसी व्यक्ति को दो सप्ताह से अधिक समय तक लगातार खांसी, बुखार, वजन कम होना या कमजोरी महसूस हो रही है, तो उसे तत्काल जांच करानी चाहिए। उन्होंने लोगों से अपील की कि बीमारी के लक्षणों को नजरअंदाज न करें और समय पर जांच एवं उपचार कराकर स्वयं तथा परिवार को सुरक्षित रखें।

शिविर के दौरान क्षय रोग निदान पर्यवेक्षक जितेंद्र सिंह, डॉ. पवन यादव, फार्मासिस्ट रोहित जायसवाल, स्टाफ नर्स सुरेश कुमार सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने लोगों को टीबी मुक्त भारत अभियान के प्रति जागरूक करते हुए नियमित जांच और उपचार का संदेश भी दिया।

Share this article

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts