44°C पहुंचा तापमान, बृजमनगंज में लू का असर-दोपहर में सड़कों पर सन्नाटा

सौरभ जायसवाल

बृजमनगंज (महराजगंज)। दोपहर की तेज धूप और गर्म हवाओं ने क्षेत्र में गर्मी की तीव्रता बढ़ा दी है। तापमान में लगातार वृद्धि के चलते लोगों को दिन के समय घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो रहा है, वहीं बाजारों की रौनक भी दोपहर में कम होती नजर आ रही है।

सुबह से ही सूर्य के तेवर तीखे बने हुए हैं और दोपहर तक हालात और अधिक तपिश भरे हो जाते हैं। अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। अप्रैल के शुरुआती दिनों में ही गर्मी के ऐसे तेवर देखकर लोग मई-जून की भीषण गर्मी को लेकर चिंतित हैं।

गर्मी बढ़ने के साथ ही ठंडे पेय पदार्थों की मांग में तेजी आई है। कस्बे में जगह-जगह नारियल पानी, गन्ने का रस और मौसमी जूस की दुकानों पर भीड़ देखी जा रही है। लोग गर्मी से राहत पाने के लिए इन पेयों का सहारा ले रहे हैं।

इस भीषण गर्मी का असर स्कूली बच्चों पर भी साफ देखने को मिल रहा है। तेज धूप में घर लौटते समय बच्चे सिर ढककर, बैग या कपड़ों से धूप से बचाव करते नजर आ रहे हैं, जिससे उनकी परेशानी साफ झलक रही है।

दोपहर के समय चलने वाली गर्म हवाएं (लू) खासकर दोपहिया वाहन चालकों के लिए बड़ी परेशानी बन गई हैं। तेज गर्म हवा के कारण सफर करना मुश्किल हो गया है और लोग जरूरी काम होने पर ही बाहर निकल रहे हैं।

विशेषज्ञों की सलाह है कि दोपहर 12 से 3 बजे के बीच धूप में निकलने से बचें, घर से निकलते समय सिर ढकें और पर्याप्त पानी पीकर ही बाहर जाएं। साथ ही हल्का भोजन करें और वसायुक्त खाद्य पदार्थों से परहेज रखें।

Share this article

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts