उन्नाव में 20 वर्षीय युवक का शव कमरे में फंदे से लटका मिला, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

  • हिमाचल प्रदेश से छुट्टी पर घर आया था युवक, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा, रिपोर्ट का इंतजार

उन्नाव। बिहार थाना क्षेत्र के रिशाल खेड़ा (मजरा कीरतपुर) गांव में शुक्रवार सुबह एक 20 वर्षीय युवक का शव उसके कमरे के अंदर फंदे से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया और मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक राजकिशोर (20 वर्ष) मूल रूप से रायबरेली जनपद के बरौंडी गांव का निवासी था। बचपन में उसे उसकी बुआ ने गोद ले लिया था, जिसके बाद वह रिशाल खेड़ा गांव में रह रहा था। राजकिशोर हिमाचल प्रदेश की एक निजी कंपनी में कार्यरत था और कुछ दिन पूर्व ही छुट्टियों पर अपने गांव आया था।

परिजनों के मुताबिक गुरुवार रात वह परिवार के साथ भोजन करने के बाद अपने कमरे में सोने चला गया था। शुक्रवार सुबह उसका शव कमरे के अंदर नायलॉन की रस्सी के सहारे फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी होते ही परिवार में कोहराम मच गया।

मृतक के परिजनों ने मामले को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है। उनका आरोप है कि राजकिशोर की हत्या करने के बाद शव को फंदे से लटकाकर आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई है। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

सूचना मिलने पर बिहार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया मौत के कारणों को लेकर कोई स्पष्ट निष्कर्ष नहीं निकाला जा सकता।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जाएगी। रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मामला आत्महत्या का है या फिर किसी अन्य कारण से युवक की मौत हुई है।

घटना के बाद पूरे गांव में शोक और चर्चा का माहौल है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *