डीएम ने बच्चों को पोलियो की दो बूंद पिलाकर पल्स पोलियो अभियान का किया शुभारंभ

  • रायबरेली में 1,672 बूथों पर चलेगा अभियान, 3.67 लाख से अधिक बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य

रायबरेली। जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने रविवार को जिला महिला अस्पताल परिसर स्थित बूथ पर बच्चों को पोलियो की दो बूंद पिलाकर पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने अभियान से जुड़े अधिकारियों एवं स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देश दिए कि कोई भी पात्र बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे।

जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने के लिए कुल 1,672 बूथ बनाए गए हैं। इस अभियान के तहत 3,67,432 बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

उन्होंने बताया कि जो बच्चे बूथ दिवस पर पोलियो की खुराक नहीं ले पाएंगे, उन्हें अगले पांच दिनों तक स्वास्थ्य विभाग की 1,167 टीमें घर-घर जाकर पोलियो की दवा पिलाएंगी। उन्होंने सभी जनपद स्तरीय अधिकारियों को अभियान की सतत निगरानी करने और कार्यक्रम को सफल बनाने के निर्देश दिए।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नवीन चंद्रा ने बताया कि अभियान के सफल संचालन के लिए 31 ट्रांजिट टीमें, 38 मोबाइल टीमें और 337 सुपरवाइजर तैनात किए गए हैं। जनपद में 19 कोल्ड चेन प्वाइंट स्थापित किए गए हैं तथा 3,81,200 पोलियो वैक्सीन डोज उपलब्ध कराई गई हैं।

उन्होंने बताया कि सभी विकासखंडों को पर्याप्त मात्रा में वैक्सीन और आवश्यक लॉजिस्टिक सामग्री उपलब्ध करा दी गई है। अभियान के प्रभावी संचालन और निगरानी के लिए ब्लॉक स्तर पर नोडल अधिकारियों की भी तैनाती की गई है।

इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नवीन चंद्रा सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, चिकित्सक एवं अन्य संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे।

Share this article

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts