रायबरेली में पीएम आवास योजना (शहरी) 2.0: 2415 लाभार्थियों के खातों में पहुंची पहली किस्त

रायबरेली। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के अंतर्गत रायबरेली जनपद के शहरी क्षेत्र के 2415 लाभार्थियों को पहली किस्त की राशि उनके बैंक खातों में प्राप्त हुई है। यह धनराशि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान से सिंगल क्लिक के माध्यम से डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के जरिए हस्तांतरित की गई।

कार्यक्रम के तहत कुल 02 लाख लाभार्थियों के बैंक खातों में 01-01 लाख रुपये की पहली किस्त, कुल 2000 करोड़ रुपये की धनराशि भेजी गई। इसी क्रम में रायबरेली जनपद में सीएसएमसी-01 से सीएसएमसी-04 तक स्वीकृत कुल 2415 लाभार्थियों के खातों में पहली किस्त की राशि सीधे प्रेषित की गई।

प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 में विशेष रूप से स्पेशल फोकस ग्रुप को प्राथमिकता दी गई है, जिसमें विधवाएं, अविवाहित एवं परित्यकता महिलाएं, दिव्यांगजन, वरिष्ठ नागरिक, अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग, सफाई कर्मी, पीएम स्वनिधि योजना, पीएम विश्वकर्मा योजना के लाभार्थी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता तथा समाज के अन्य कमजोर और वंचित वर्ग शामिल हैं।

इस अवसर पर जनपद स्तरीय कार्यक्रम रायबरेली विकास प्राधिकरण के सामुदायिक केंद्र, रतापुर में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सलोन विधायक अशोक कुमार, जिलाधिकारी हर्षिता माथुर, मुख्य विकास अधिकारी अंजूलता, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) सिद्धार्थ सहित बड़ी संख्या में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के लाभार्थी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान 27 लाभार्थियों को आवास स्वीकृति प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए। इनमें नगर पालिका क्षेत्र की लाभार्थी मीना देवी, सीमा, विनीत सोनी, उर्मिला, प्रियंका यादव, फिरोज, कमरजहां, शहजादे, ममता, निशा देवी, प्रभा त्रिवेदी, शांति देवी रविदास, पूजा, बबली, मंजू, संजू देवी, पार्वती, फूलमती, शबनूर, गुलनाज, सुनीता, माया तथा नगर पंचायत सलोन की लाभार्थी शांति देवी, शांति, अनीता, अर्चना और मीना शामिल रहीं।

कार्यक्रम में लखनऊ से आयोजित मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखा गया। साथ ही केंद्रीय मंत्री आवास एवं शहरी विकास मनोहर लाल खट्टर के उद्बोधन को भी उपस्थित जनों ने सुना। कार्यक्रम को सांस्कृतिक रंग देते हुए राइजिंग स्कूल के बच्चों द्वारा प्रस्तुति दी गई।

मंच संचालन एस.एस. पाण्डेय द्वारा किया गया।

इस अवसर पर सलोन विधायक अशोक कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) आवासहीन लोगों के लिए एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति का सपना होता है कि उसके सिर पर अपनी छत हो और वह अपने परिवार के साथ सम्मानपूर्वक जीवन यापन कर सके। यह सपना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में साकार हो रहा है।

उन्होंने बताया कि आवास योजना के साथ-साथ लाभार्थियों को उजाला योजना के अंतर्गत गैस कनेक्शन (सिलेंडर), विद्युत कनेक्शन, जल जीवन मिशन के अंतर्गत पेयजल के लिए नल कनेक्शन तथा शौचालय की सुविधा भी दी जा रही है, जिससे लाभार्थियों को एक समग्र पैकेज मिल रहा है।

कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष भाजपा बुद्धिलाल, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/उप जिलाधिकारी सदर प्रफुल्ल कुमार शर्मा, उप जिलाधिकारी सचिन यादव, उप जिलाधिकारी विवेक राजपूत, पीओ डूडा शशी कुमार मेहरोत्रा, शिवेंद्र सिंह सहित अन्य अधिकारीगण भी उपस्थित रहे।

Share this article

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts