शिक्षा जगत की अनूठी पहल: TSCT ने रायबरेली की बेटियों को सौंपा ‘कन्यादान शगुन’

  • शिक्षक समाज की एकजुटता बनी सहारा, 6 शिक्षक परिवारों की बेटियों को मिला आर्थिक सहयोग

रायबरेली। शिक्षा जगत में सेवा, संवेदना और सामूहिक सहयोग की एक मिसाल कायम करते हुए टीचर्स सेल्फ केयर टीम (TSCT) उत्तर प्रदेश द्वारा संचालित ‘कन्यादान शगुन योजना’ के अंतर्गत रायबरेली जनपद के शिक्षक परिवारों की कन्याओं को आर्थिक सहायता प्रदान की गई। इस अवसर पर लाभार्थी कन्याओं को चेक का वितरण राहुल सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, रायबरेली के कर-कमलों द्वारा किया गया।

शून्य से शिखर तक TSCT की सेवा-यात्रा

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संयोजक अनुराग मिश्र एवं संरक्षक अवध किशोर मिश्र ने TSCT की स्थापना, उद्देश्य और सेवा-संकल्प पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह संस्था शिक्षक समाज की सामूहिक संवेदना, सहयोग और विश्वास का सशक्त उदाहरण है।

सेवा का बीज, आज बना वटवृक्ष

जिला प्रवक्ता अखिलेश चौरसिया एवं कन्यादान प्रभारी व जिला मीडिया प्रभारी शशांक त्रिवेदी ने बताया कि 26 जुलाई 2020 को प्रयागराज की पावन धरा से विवेकानंद (संस्थापक एवं अध्यक्ष), सुधेश पाण्डेय (सह-संस्थापक एवं महामंत्री) तथा संजिव रजक (सह-संस्थापक एवं कोषाध्यक्ष) द्वारा रोपा गया सेवा का यह बीज आज एक विशाल वटवृक्ष का रूप ले चुका है।

पारदर्शिता और विश्वास की मिसाल

प्रांतीय आईटी सेल सुनीति सिंह, सहयोजक हनी गुलाटी एवं संगीता अग्रहरी ने जानकारी दी कि पूर्ण शुचिता, पारदर्शिता और विश्वास के साथ TSCT अब तक प्रदेश के 176 दिवंगत शिक्षक साथियों (शिक्षक/शिक्षामित्र/अनुदेशक/BEO) के परिवारों को 200 करोड़ रुपये से अधिक की सीधी आर्थिक सहायता उनके बैंक खातों में उपलब्ध करा चुकी है।

1 रुपये के सहयोग से बेटियों को करोड़ों का आशीर्वाद

सलाहकार धीरज श्रीवास्तव एवं सह संयोजक मयंक शुक्ला ने बताया कि ‘कन्यादान शगुन योजना’ के अंतर्गत प्रत्येक वैधानिक सदस्य द्वारा प्रति कन्या मात्र 1 रुपये के सहयोग से एक विशाल सहायता कोष तैयार किया जाता है।

इस अवसर पर रायबरेली जनपद के 6 शिक्षक परिवारों मनोज मिश्र, जगदीश प्रसाद, रश्मि साहू, प्रतिमा दीक्षित, अशोक मौर्य एवं शिव प्रताप सिंह—की बेटियों को योजना का लाभ प्रदान किया गया। प्रदेश स्तर पर अब तक 255 कन्याओं को कुल 1.42 करोड़ रुपये की सहायता दी जा चुकी है, जो प्रति कन्या 55,000 रुपये की राशि के रूप में प्रदान की गई।

व्यापक सहभागिता

कार्यक्रम में सतांव ब्लॉक से आशीष त्रिवेदी, सत्येंद्र सिंह, प्रशांत, गौरा ब्लॉक से अश्वनी शर्मा, गौरव मौर्य, डीह ब्लॉक से चंद्रशेखर, सीमा सुरभि तथा शिवगढ़ से अनिल सहित बड़ी संख्या में शिक्षक एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे। उपस्थित जनसमूह ने करतल ध्वनि के साथ इस मानवीय पहल का स्वागत करते हुए इसे समाज के लिए अनुकरणीय और प्रेरणादायी बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *