रेलवे ट्रैक पर गंभीर हालत में मिला युवक, पहचान को लेकर घंटों बना रहा भ्रम

  • बृजमनगंज रेलवे स्टेशन के पास घायल मिला युवक जिला अस्पताल रेफर, पुलिस कर रही मामले की जांच

बृजमनगंज (महराजगंज)। बृजमनगंज रेलवे स्टेशन के निकट जहलीपुर गांव के पास सोमवार सुबह रेलवे ट्रैक पर एक युवक गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला। स्थानीय लोगों ने सुबह करीब 10 बजे युवक को तड़पते देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची बृजमनगंज पुलिस ने घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

प्रारंभिक स्तर पर पुलिस ने घायल की पहचान हरैया मोहलाही निवासी द्वारिका नाथ पुत्र वीरेंद्र अग्रहरि के रूप में की। चिकित्सकों के अनुसार युवक की हालत गंभीर बनी हुई है।

घटना के दौरान पहचान को लेकर घंटों भ्रम की स्थिति बनी रही। स्थानीय स्तर पर सूचना फैलने के बाद एक महिला घायल को अपना पति समझ बैठी और उसके साथ एंबुलेंस से जिला अस्पताल तक चली गई। बाद में परिजनों और पुलिस की पड़ताल में पता चला कि घायल व्यक्ति उसका पति नहीं है।

परिजनों के अनुसार महिला के पति दीनानाथ एक निजी बस में खलासी का काम करते हैं। उनका कहना था कि घटना की सूचना मिलने से कुछ ही मिनट पहले दीनानाथ अपने बेटे को रुपये देकर बस से आगे रवाना हुए थे, जिससे उनके रेलवे ट्रैक पर घायल मिलने की संभावना नहीं थी।

इसके बाद पुलिस ने बस चालक और दूसरे चालक से संपर्क कर जानकारी जुटाई। पूछताछ और वीडियो कॉल के माध्यम से यह स्पष्ट हुआ कि दीनानाथ सुरक्षित हैं और रेलवे ट्रैक पर मिला घायल कोई अन्य व्यक्ति है।

थानाध्यक्ष मदन मोहन मिश्रा ने बताया कि घायल युवक को बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। उसकी वास्तविक पहचान और घटना की परिस्थितियों की जांच की जा रही है। पुलिस सभी तथ्यों का सत्यापन कर आगे की आवश्यक विधिक कार्रवाई करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *