महराजगंज जिला अस्पताल परिसर में युवती ने खुद को लगाई आग, 55 प्रतिशत झुलसी

गंभीर हालत में प्राइवेट वार्ड में चल रहा इलाज, डॉक्टरों की टीम निगरानी में जुटी, घटना के कारणों का अभी पता नहीं चल सका
सौरभ जायसवाल
महराजगंज। जिला अस्पताल परिसर में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवती ने कथित तौर पर अपने ऊपर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। देखते ही देखते युवती आग की लपटों से घिर गई। उसकी चीख-पुकार सुनकर अस्पताल परिसर में मौजूद मरीजों और तीमारदारों में हड़कंप मच गया। आसपास मौजूद लोग तत्काल उसे बचाने और आग बुझाने के लिए दौड़ पड़े। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाकर युवती को बचाया गया।
इस घटना में युवती करीब 55 प्रतिशत तक झुलस गई है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। युवती की पहचान ठूठीबारी क्षेत्र निवासी सुनीता के रूप में हुई है। घटना के बाद उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों की टीम उसकी लगातार निगरानी कर रही है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, सुनीता पिछले करीब छह महीने से जिला अस्पताल के आसपास रह रही थी। वह अस्पताल परिसर के आसपास घूमती थी और लोगों से मांगकर अपना गुजारा करती थी। कुछ स्थानीय लोगों ने उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने की बात कही है, हालांकि इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
युवती के परिवार और घटना के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। घटना के बाद अस्पताल परिसर में मौजूद लोगों के बीच भी काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
इस संबंध में सीएमएस डॉ. एके द्विवेदी ने बताया कि युवती का इलाज प्राइवेट वार्ड में चल रहा है। चिकित्सकों की टीम लगातार उसकी देखरेख कर रही है। फिलहाल अस्पताल प्रशासन का पूरा ध्यान उसके उपचार पर है।
