सरोजनीनगर की डिजिटल शिक्षा पहल अब पूरे प्रदेश में विस्तार की ओर, ग्राम पंचायतों तक पहुंचेंगी डिजिटल लाइब्रेरी
– 2022 से 37 विद्यालयों-महाविद्यालयों के 30 हजार से अधिक विद्यार्थी लाभान्वित, 223 ग्राम पंचायतों को योजना में शामिल करने का प्रस्ताव
सरोजनीनगर, लखनऊ। सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा ग्राम पंचायत स्तर तक डिजिटल लाइब्रेरी की सुविधा पहुंचाने की पहल का स्वागत किया है। उन्होंने इसे ग्रामीण विद्यार्थियों के लिए शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण कदम बताया। विधायक के अनुसार, सरोजनीनगर में वर्ष 2022 में शुरू की गई डिजिटल शिक्षा और डिजिटल लाइब्रेरी की पहल अब प्रदेश के अन्य ग्रामीण क्षेत्रों तक विस्तार की दिशा में बढ़ रही है।
डॉ. राजेश्वर सिंह ने बताया कि 25 जुलाई 2022 को सरोजनीनगर में ‘डिजिटल शिक्षा अभियान’ की शुरुआत की गई थी। इसके तहत 37 विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में 450 से अधिक कंप्यूटर उपलब्ध कराए गए, जिससे 30 हजार से अधिक विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा संसाधनों का लाभ मिलने का दावा किया गया है। इसके साथ ही क्षेत्र में डिजिटल लाइब्रेरी, स्मार्ट क्लासरूम और विद्यार्थियों के लिए आधुनिक अध्ययन सुविधाओं को बढ़ावा देने की दिशा में कार्य किया गया।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा डिजिटल लाइब्रेरी की सुविधा को ग्राम पंचायत स्तर तक विस्तार देना ग्रामीण विद्यार्थियों के लिए उपयोगी पहल है। वर्तमान में 113 ग्राम पंचायतों में डिजिटल लाइब्रेरी के लिए किताबें और फर्नीचर पहुंच चुके हैं, जबकि अगले चरण में आईटी उपकरण उपलब्ध कराने की तैयारी है। डिजिटल लाइब्रेरी विकास योजना के तहत कुल 223 ग्राम पंचायतों को शामिल किया जाना प्रस्तावित है।
विधायक ने कहा कि डिजिटल लाइब्रेरी केवल पुस्तकों तक पहुंच का माध्यम नहीं होगी, बल्कि ग्रामीण विद्यार्थियों को ऑनलाइन शैक्षणिक सामग्री, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और डिजिटल संसाधनों से जोड़ने में भी मदद करेगी। इससे गांव में ही अध्ययन के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध होने और शिक्षा के लिए शहरों पर निर्भरता कम होने की उम्मीद है।
डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा, “सरोजनीनगर में वर्ष 2022 में जिस डिजिटल शिक्षा की परिकल्पना को जनसहभागिता के साथ आगे बढ़ाया गया था, आज उसे उत्तर प्रदेश के गांव-गांव तक पहुंचते देखना अत्यंत संतोष का विषय है।” उन्होंने इस पहल को व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार जताया।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश शिक्षा, तकनीक और नवाचार के क्षेत्र में नए मानदंड स्थापित कर रहा है। उनके अनुसार, ग्राम पंचायतों में डिजिटल लाइब्रेरी का विस्तार ग्रामीण युवाओं को समान शैक्षणिक अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
