डीएवी पब्लिक स्कूल चिरिमिरी में उत्साहपूर्वक मनाया गया 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस

  • योग प्रशिक्षक ने कराए विभिन्न आसन, विद्यार्थियों ने योग महोत्सव में दी प्रस्तुति

आर स्टीफन (स्टेट हेड)

चिरिमिरी (एमसीबी)। डीएवी पब्लिक स्कूल चिरिमिरी के प्रांगण में रविवार को 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस बड़े हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय के विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं समस्त विद्यालय परिवार ने सामूहिक रूप से योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के दौरान योग प्रशिक्षक योगेश जोंधाले ने विद्यार्थियों को विभिन्न योगासनों का अभ्यास कराया। उन्होंने एकाग्रता बढ़ाने के लिए वृक्षासन, रीढ़ की हड्डी को मजबूत करने के लिए ताड़ासन तथा शरीर को लचीला बनाने के लिए भुजंगासन एवं शशांकासन का अभ्यास कराया। इसके साथ ही प्राणायाम एवं ध्यान की विभिन्न विधियों के माध्यम से बच्चों को तनावमुक्त रहने और मानसिक संतुलन बनाए रखने के उपाय भी बताए।

विद्यालय की शिक्षिका सीमा सिंह एवं मंजू यादव के मार्गदर्शन में विद्यालय के कुछ विद्यार्थियों ने जीएम कॉम्प्लेक्स स्थित तानसेन भवन में आयोजित योग महोत्सव में भी भाग लिया और अपनी आकर्षक प्रस्तुति देकर उपस्थित लोगों की सराहना प्राप्त की।

इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य एस.के. पांडे ने अपने संबोधन में कहा कि योग भारत की प्राचीन परंपरा का अभिन्न अंग है। यह न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है, बल्कि मन को भी सकारात्मक ऊर्जा से भर देता है। उन्होंने विद्यार्थियों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या में शामिल करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का समापन शांति पाठ के साथ हुआ। संपूर्ण आयोजन विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक बी. पांडा की देखरेख में संपन्न हुआ। योग दिवस के इस आयोजन ने विद्यार्थियों और शिक्षकों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता तथा योग के महत्व को और अधिक मजबूत किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *