बृजमनगंज में प्रथम दिन धार चढ़ाने के साथ शुरू हुई मां काली की त्रिवार्षिक महापूजा

  • महिलाओं और पुरुषों ने पांच दैविक स्थलों पर चढ़ाया धार, नगर की सुख-समृद्धि और कल्याण की मांगी कामना

सौरभ जायसवाल

बृजमनगंज (महराजगंज)। नगर पंचायत बृजमनगंज की अधिष्ठात्री देवी मां काली की बहुप्रतीक्षित त्रिवार्षिक महापूजा एवं धार्मिक महायज्ञ का शुभारंभ सोमवार को श्रद्धा, भक्ति और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ हुआ। प्रथम दिन नगर की महिलाओं एवं पुरुषों ने पांच दैविक स्थलों पर पहुंचकर धार चढ़ाया और विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर नगर की सुख-समृद्धि, शांति और जनकल्याण की कामना की।

सुबह से ही नगर में धार्मिक वातावरण देखने को मिला। मां काली मंदिर, शीतला माता, दिघवार बाबा सहित अन्य दैविक स्थलों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर कलश लेकर पूजा स्थलों तक पहुंचीं और मां के जयकारों के बीच धार चढ़ाकर परिवार एवं क्षेत्र की खुशहाली की कामना की।

वैदिक ब्राह्मणों के मंत्रोच्चार के बीच मुख्य पूजन एवं धार्मिक अनुष्ठानों का विधिवत शुभारंभ हुआ। मंदिर परिसर में भक्ति और आस्था का माहौल बना रहा। श्रद्धालुओं ने मां काली के दर्शन कर पूजा-अर्चना की तथा क्षेत्र में सुख-शांति और समृद्धि की प्रार्थना की।

आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि यह त्रिवार्षिक महापूजा नगर की प्राचीन परंपरा का हिस्सा है, जिसमें पूरे क्षेत्र के श्रद्धालु बढ़-चढ़कर भाग लेते हैं। तीन दिवसीय इस धार्मिक आयोजन के दौरान विशेष पूजन, हवन, भजन-कीर्तन, कढ़ाई उत्सव तथा अन्य धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए जाएंगे।

समिति ने बताया कि आगामी दिनों में महायज्ञ एवं पूर्णाहुति कार्यक्रम भी संपन्न होंगे। नगरवासियों में इस आयोजन को लेकर विशेष उत्साह देखा जा रहा है और बड़ी संख्या में श्रद्धालु कार्यक्रम में शामिल होकर मां काली का आशीर्वाद प्राप्त कर रहे हैं। पूरा नगर इन दिनों भक्तिमय वातावरण में सराबोर है।

Share this article

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts