भीड़ में छूटा 18 साल का मंदबुद्धि बेटा, रातभर भटकी मां फिर पहुंची थाने

सौरभ जायसवाल

बृजमनगंज (महराजगंज)। बृजमनगंज थाना क्षेत्र में एक हृदयविदारक मामला सामने आया है, जहां ट्रेन यात्रा के दौरान एक महिला का 18 वर्षीय मंदबुद्धि बेटा ट्रेन में ही छूट गया। पूरी रात खोजबीन के बाद निराश मां ने पुलिस से मदद की गुहार लगाई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सहीदुल निशा निवासी ग्राम चनगड्डी थाना चिल्हिया, जनपद सिद्धार्थनगर अपने बेटे असगर अली के साथ ट्रेन से यात्रा कर रही थीं।मंगलवार शाम करीब 7 बजे जब ट्रेन बृजमनगंज रेलवे स्टेशन पर रुकी तो अत्यधिक भीड़ के कारण वह ट्रेन से उतर गईं, लेकिन उनका बेटा असगर अली ट्रेन से नहीं उतर सका। इसी दौरान ट्रेन आगे बढ़ गई और बेटा मां से बिछड़ गया।

महिला ने बताया कि असगर अली मंदबुद्धि है और अपनी देखभाल स्वयं नहीं कर सकता। बेटे के ट्रेन में छूट जाने के बाद उन्होंने पूरी रात रिश्तेदारों और जान-पहचान वालों से संपर्क कर उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।

बुधवार सुबह उन्होंने बृजमनगंज थाना पहुंचकर थानाध्यक्ष को लिखित तहरीर दी और बेटे की फोटो सौंपते हुए भावुक अपील की। महिला का कहना है कि असगर अली ही उनका एकमात्र सहारा है और उसके बिना वह पूरी तरह टूट चुकी हैं।

इस संबंध में थानाध्यक्ष सत्य प्रकाश सिंह ने बताया कि महिला की तहरीर के आधार पर तत्काल खोजबीन शुरू कर दी गई है। रेलवे स्टेशनों, आसपास के थानों और सोशल माध्यमों के जरिए युवक की तलाश की जा रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पुलिस हर संभव प्रयास कर जल्द ही युवक को सुरक्षित ढूंढकर परिजनों तक पहुंचाएगी।

Share this article

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts