सरोजनीनगर में हनी सिंह का ऐतिहासिक कॉन्सर्ट, जुटे 35 हजार युवा

शकील अहमद

लखनऊ/सरोजनीनगर। राजधानी लखनऊ ने शनिवार की रात वह नजारा देखा, जो शहर के युवा उत्सवों के इतिहास में पहली बार दर्ज हुआ। ‘युवा उत्सव @ सरोजनीनगर’ के तहत स्मृति उपवन, आशियाना में मशहूर सिंगर यो यो हनी सिंह ने ऐसा धमाकेदार लाइव कॉन्सर्ट किया कि पूरा परिसर देर रात तक झूमता रहा।

कार्यक्रम में 35,000 से अधिक युवाओं की उपस्थिति ने नया रिकॉर्ड बना दिया। यह आयोजन विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह की परिकल्पना और नेतृत्व में संपन्न हुआ। खास बात यह कि प्रवेश पास आधारित और पूरी तरह नि:शुल्क रहा।

100+ स्कूल, 100+ RWA और 100+ कम्युनिटी संगठनों की भागीदारी

यह उत्सव महज एक म्यूजिक शो नहीं, बल्कि सामुदायिक एकता का भी बड़ा उदाहरण बना।
क्षेत्र के 100 से अधिक स्कूल–कॉलेज, 100 से अधिक आरडब्ल्यूए, और 100 से अधिक कम्युनिटी एवं मार्केट एसोसिएशन इस कार्यक्रम का हिस्सा बने।
यह सरोजनीनगर में अब तक का सबसे बड़ा युवा-सामुदायिक महोत्सव माना जा रहा है।

“35,000 बीटिंग हार्ट्स… 35,000 सपने” – मंच से बोले डॉ. राजेश्वर सिंह

डॉ. सिंह ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि “मुझे 35,000 मुस्कुराते चेहरे दिख रहे हैं, 35,000 धड़कते दिलों की आवाज सुनाई दे रही है।
आज लखनऊ नया इतिहास लिख रहा है। संगीत हमारी आस्था, संस्कृति और ऊर्जा है – चाहे बीट रैप की हो, ट्रांस की या भक्ति की।” डॉ. सिंह ने कहा कि लखनऊ तेजी से बदल रहा है और लक्ष्य है कि इसे ‘India’s Lifestyle Capital’ बनाया जाए।

योगी सरकार और प्रशासन को दिया धन्यवाद

विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सहयोग से ही इतना बड़ा और सुरक्षित आयोजन संभव हो पाया। उन्होंने मुख्य सचिव, डीजीपी, पुलिस कमिश्नर, डीएम, सभी विभागों और हजारों पुलिसकर्मियों व वालंटियरों का आभार व्यक्त किया।

डॉ. राजेश्वर नेता नहीं, ट्रू लीडर” – हनी सिंह

हनी सिंह ने मंच से कहा कि “डॉ. राजेश्वर सिंह मेरे लिए सिर्फ पॉलिटिशियन नहीं, ट्रू लीडर हैं। मेरी उनसे वर्षों पुरानी मित्रता है। मैं रात में काम करता हूँ, और जब सोने निकलता हूँ, तभी डॉ. सिंह मॉर्निंग वॉक पर मिलते थे। वह सच्चे कर्मयोगी हैं।” हनी सिंह ने युवाओं से सूखे नशे से दूर रहने का संकल्प भी दिलवाया।
उन्होंने कहा कि “नशे ने मेरे जीवन के कई साल छीन लिए। अगर कोई इसे भोलेनाथ का प्रसाद बताकर भी दे – तो भी मत लेना। ड्रग के खिलाफ मेरी लड़ाई में डॉ. सिंह मेरे साथ हैं।”

‘आइकॉन ऑफ कमबैक’ – हनी सिंह की कहानी ने दी युवाओं को प्रेरणा

डॉ. सिंह ने कहा कि “हनी सिंह सिर्फ सुपरस्टार नहीं, ग्लोबल आइकॉन हैं। उन्होंने सौ से जीरो, और फिर जीरो से हजार की यात्रा तय की है। यह युवाओं के लिए प्रेरणा है।”

अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुरक्षा व्यवस्था – 150 AI कैमरे, हाई-टेक कंट्रोल रूम

इतने बड़े इवेंट को देखते हुए प्रशासन ने बहु-स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की:

150 AI सक्षम हाई-रिज़ॉल्यूशन कैमरे

रियल-टाइम मॉनिटरिंग वाला हाई-टेक कंट्रोल रूम

सभी गेटों पर DFMD और हैंड-हेल्ड डिटेक्टर

दिल्ली से आई 200 प्रशिक्षित सुरक्षा टीम

लखनऊ पुलिस की व्यापक तैनाती

अलग एंट्री-एग्जिट मार्ग

भीड़ नियंत्रित करने के लिए विशेष मैनेजमेंट यूनिट

ट्रैफिक और पार्किंग के लिए प्रशासनिक व्यवस्था

कॉन्सर्ट का पूरा स्थल नो-सीटिंग ज़ोन रहा और युवाओं ने करीब तीन घंटे तक खड़े होकर प्रस्तुति का आनंद लिया।

लखनऊ की रात हनी सिंह के नाम… 35,000 युवाओं की ‘बीट’ पर थिरका सरोजनीनगर

हनी सिंह की प्रस्तुति ने लखनऊ की रात को यादगार बना दिया। एक ऐसा उत्सव, जिसने संगीत, संस्कृति, ऊर्जा और युवा शक्ति को एक साथ जोड़ दिया।

Share this article

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts