शकील अहमद
सरोजनीनगर, लखनऊ। थाना सरोजनीनगर पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने मामूली कहासुनी के बाद युवक पर चाकू से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया था।
पुलिस के अनुसार ग्राम हडाईनखेड़ा अमौसी निवासी विनोद ने 3 अप्रैल 2026 को थाने में तहरीर देकर बताया कि 2 अप्रैल को उसका पुत्र पवन (उम्र करीब 20 वर्ष) अमौसी बाजार स्थित चन्द्रभान उर्फ कल्लू की पान की दुकान पर सामान लेने गया था।
इसी दौरान दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि चन्द्रभान उर्फ कल्लू ने गाली-गलौज के बाद पवन की छाती में चाकू मार दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
तहरीर के आधार पर थाना सरोजनीनगर में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच उपनिरीक्षक अभय प्रताप सिंह को सौंपी गई। पुलिस टीम ने सक्रियता दिखाते हुए सूचना तंत्र के जरिए आरोपी की तलाश शुरू की।
पुलिस ने 6 अप्रैल 2026 को आरोपी चन्द्रभान उर्फ कल्लू (उम्र करीब 36 वर्ष), निवासी गंगानगर अमौसी को अमौसी से बसंतखेड़ा जाने वाले मार्ग पर स्थित एक पुलिया के पास से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक कैंची बरामद की गई है। पुलिस द्वारा आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।


















