बाजपुर में गांजा तस्करी का बड़ा खुलासा: 2 शातिर तस्कर गिरफ्तार, गांजा और तमंचे बरामद

सलमान खान

बाजपुर, ऊधम सिंह नगर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में नशे और अवैध असलहों के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत बाजपुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। सघन चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार कर उनके पास से गांजा और अवैध हथियार बरामद किए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार 14 अप्रैल 2026 को बाजपुर क्षेत्र में पुलिस टीम द्वारा चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान लेवड़ा नदी तिराहे के पास दो संदिग्ध व्यक्तियों को रोककर उनकी तलाशी ली गई।

तलाशी के दौरान दोनों आरोपियों के पास से कुल 2 किलो 664 ग्राम गांजा, 315 बोर के तीन तमंचे और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए। इसके बाद पुलिस ने दोनों तस्करों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सेरान अंसारी (22 वर्ष) और मोहम्मद अबूजर (20 वर्ष) निवासी रामनगर क्षेत्र, जनपद नैनीताल के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी मोहम्मद अबूजर के खिलाफ पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज है।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध बाजपुर कोतवाली में धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट और 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि जनपद में नशे और अवैध असलहों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने आम जनता से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते सख्त कार्रवाई की जा सके।

इस कार्रवाई में बाजपुर कोतवाली के एसएसआई विक्रम सिंह धामी, एसआई धीरेन्द्र सिंह परिहार, एसआई कैलाश नगरकोटी, जगदीश कोठियाल और कांस्टेबल मोहम्मद इरफान शामिल रहे।

पुलिस की इस कार्रवाई से साफ है कि बाजपुर क्षेत्र में नशे के कारोबार पर शिकंजा कसने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। आने वाले समय में इस तरह की कार्रवाई और तेज होने की संभावना है।

Share this article

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts