बाजपुर में बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं पर छात्र संघ का प्रदर्शन, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

सलमान खान

बाजपुर, ऊधम सिंह नगर। क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति को लेकर अब विरोध के स्वर तेज होने लगे हैं। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय बाजपुर के छात्र संघ अध्यक्ष महेंद्र सिंह बोहरा के नेतृत्व में छात्र संघ पदाधिकारियों ने उपजिलाधिकारी (एसडीएम) डॉ. अमृता शर्मा को ज्ञापन सौंपकर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल उठाए।

ज्ञापन के माध्यम से छात्र संघ ने अवगत कराया कि बाजपुर क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति लगातार चिंताजनक बनी हुई है। हाल ही में एक निजी अस्पताल में डिलीवरी के दौरान गर्भवती महिला की मौत का मामला सामने आया, जिससे पूरे क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त है। छात्र संघ का कहना है कि यह घटना स्वास्थ्य व्यवस्था की कमियों और कथित लापरवाही को उजागर करती है।

छात्र संघ ने आरोप लगाया कि बाजपुर के उप-जिला चिकित्सालय (सीएचसी) में मूलभूत सुविधाओं का अभाव है, जिसके चलते मरीजों को मजबूरन निजी अस्पतालों का सहारा लेना पड़ता है। कई बार लापरवाही के कारण गंभीर घटनाएं सामने आती हैं, जिन्हें समय रहते रोका जा सकता है।

प्रमुख मांगें

ज्ञापन में छात्र संघ द्वारा रखी गई निम्नलिखित मांगें-

उप-जिला चिकित्सालय में ICU एवं NICU यूनिट की तत्काल स्थापना

स्त्री रोग विशेषज्ञ, बाल रोग विशेषज्ञ सहित विशेषज्ञ डॉक्टरों की नियुक्ति

आधुनिक जांच सुविधाएं जैसे अल्ट्रासाउंड, लैब और एक्स-रे की उपलब्धता

ब्लड बैंक और ब्लड स्टोरेज यूनिट की व्यवस्था

24×7 इमरजेंसी सेवाओं को सुचारू रूप से संचालित करना

अस्पताल में पर्याप्त दवाइयों और बेड की उपलब्धता

गर्भवती महिलाओं की डिलीवरी के लिए लेडीज सर्जन की नियुक्ति

छात्र संघ ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इन मांगों पर कार्रवाई नहीं की गई तो छात्र और क्षेत्रवासी आंदोलन करने को बाध्य होंगे, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

छात्र संघ अध्यक्ष महेंद्र सिंह बोहरा ने प्रशासन से अपील की है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए इस गंभीर मुद्दे पर शीघ्र संज्ञान लिया जाए और स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।

बाजपुर में स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर उठी यह आवाज आने वाले समय में बड़े आंदोलन का रूप ले सकती है, यदि प्रशासन द्वारा समय रहते समाधान नहीं किया गया।

Share this article

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts