महराजगंज के बिशुनपुरा में घर के अंदर फंदे से लटका मिला युवक का शव, पुलिस जांच में जुटी

सौरभ जायसवाल

महराजगंज। भिटौली थाना क्षेत्र के बिशुनपुरा गांव में शुक्रवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक व्यक्ति का शव घर के अंदर फंदे से लटका मिला। घटना दिन के करीब 4 बजे की बताई जा रही है, जिससे पूरे गांव में दहशत का माहौल बन गया।

मिली जानकारी के अनुसार बिशुनपुरा निवासी उमेश (45 वर्ष) घर पर अकेले थे, जबकि परिवार के अन्य सदस्य गैस लेने के लिए भिटौली गए हुए थे। इसी दौरान उन्होंने घर के अंदर छत में लगे पंखे की कुंडी से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।

जब परिजन वापस घर लौटे तो खिड़की से अंदर देखा, जहां उमेश पंखे के सहारे लटके हुए दिखाई दिए। यह दृश्य देखते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को नीचे उतरवाया और आगे की कार्रवाई शुरू की। ग्रामीणों के अनुसार मृतक पारिवारिक कलह से परेशान रहता था और पत्नी से अक्सर विवाद होता था।

मृतक के परिवार में पत्नी, एक पुत्र भोलू (22 वर्ष) और एक बेटी हैं। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

थानाध्यक्ष सत्येंद्र कुमार राय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *