सौरभ जायसवाल
बृजमनगंज, महाराजगंज। सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने के उद्देश्य से शनिवार को बृजमनगंज पुलिस द्वारा विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान बिना हेलमेट, तीन सवारी बैठाकर वाहन चलाने वाले बाइक चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई और कई वाहनों का ई-चालान किया गया।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना अध्यक्ष सत्य प्रकाश सिंह के नेतृत्व में कस्बे के बैरियर तिराहा पर सघन चेकिंग की गई। अभियान के दौरान गलत नंबर प्लेट वाले वाहनों और सड़क पर अवैध रूप से सवारी ढोने वाले ऑटो व ई-रिक्शा चालकों पर भी कार्रवाई की गई, जिससे क्षेत्र में खलबली मची रही।

चेकिंग के दौरान अनुबंधित बसों, ऑटो और ई-रिक्शा चालकों को यातायात नियमों के पालन के लिए चेतावनी भी दी गई। पुलिस का कहना है कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य लोगों को नियमों के प्रति जागरूक करना है, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।

थाना अध्यक्ष सत्य प्रकाश सिंह ने बताया कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने पुलिसकर्मियों को भी हेलमेट पहनने और नियमों का पालन करने के निर्देश देते हुए कहा कि कानून सबके लिए समान है।
इस दौरान उपनिरीक्षक गजेंद्र प्रताप सिंह, राजन पासवान, आलोक यादव, निरंजन राय, प्रिया पटेल, अर्चना यादव, कांस्टेबल अरविंद खरवार, मनोज वर्मा सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।


















