चिरमिरी में पानी संकट गहराया: हल्दीबाड़ी समेत कई वार्डों में सप्लाई बाधित, आंदोलन की तैयारी

आर स्टीफ़न (स्टेट हेड)

छत्तीसगढ़, चिरमिरी। नगर पालिका निगम चिरमिरी क्षेत्र में जल संकट लगातार गहराता जा रहा है। एमसीबी जिले के इस घनी आबादी वाले क्षेत्र के 40 वार्डों में रहने वाले लोगों को नियमित रूप से स्वच्छ पेयजल नहीं मिल पा रहा है, जिससे आमजन में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है।

विशेष रूप से हल्दीबाड़ी क्षेत्र जो चिरमिरी का प्रमुख व्यापारिक केंद्र माना जाता है, इन दिनों गंभीर जल संकट से जूझ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि निगम द्वारा नियमित जलापूर्ति नहीं की जा रही है, जिसके चलते अब वे आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर हो रहे हैं।

क्षेत्रवासियों के अनुसार जहां रोजाना कम से कम एक घंटे पानी की आपूर्ति होनी चाहिए, वहां केवल 30 से 45 मिनट ही पानी मिल पा रहा है, वह भी एक-एक या दो-दो दिन के अंतराल पर। भीषण गर्मी के इस मौसम में हालात और भी खराब होते जा रहे हैं।

लोगों का आरोप है कि जनप्रतिनिधि इस गंभीर समस्या को लेकर उदासीन बने हुए हैं और वार्ड स्तर पर कोई ठोस पहल नहीं की जा रही है। कुछ क्षेत्रों में बेहतर व्यवस्था है, लेकिन अधिकांश वार्डों में लोग स्वच्छ पानी के लिए जूझ रहे हैं।

ऐसे में हल्दीबाड़ी समेत अन्य प्रभावित क्षेत्रों के लोग अब आंदोलन की तैयारी में जुट गए हैं और जल्द ही इस मुद्दे पर सड़कों पर उतरने की चेतावनी दे रहे हैं।

Share this article

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts